

RCB proposes 350 AI cameras around Chinnaswamy stadium: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मुकाबले फिर से कराने के लिए सुरक्षा सुधार का बड़ा कदम उठाया है। फ्रेंचाइजी ने 300 से 350 एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तकनीक से युक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) को भेजा है। आरसीबी ने इस पहल की पूरी लागत 4.50 करोड़ रुपये उठाने की भी पेशकश की है।
आईपीएल 2025 में खिताब जीतने के बाद विजय परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में किसी भी तरह के क्रिकेट पर बैन लग गया है। अब आईपीएल की फ्रेंचाइजी आरसीबी ने इस मैदान पर वापस खेलने के लिए अपनी तरफ से पूरी कोशिश में है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मुकाबले फिर से कराने के लिए सुरक्षा सुधार का प्रस्ताव कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) को भेजा है। फ्रेंचाइजी ने कहा कि स्टेडियम में 300 से 350 एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) कैमरे लगाए जा सकते हैं और इस पहल का अनुमानित खर्च 4.50 करोड़ रुपये आरसीबी उठाएगी।
आरसीबी के अनुसार, यह नई तकनीक भीड़ प्रबंधन, कतार व्यवस्था, प्रवेश और निकास की रियल-टाइम निगरानी और अनधिकृत प्रवेश रोकने में मदद करेगी। इससे न केवल दर्शकों की सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि भविष्य में किसी भी दुर्घटना या अनहोनी की संभावना को कम किया जा सकेगा।
यह कदम पिछले साल आईपीएल ट्रॉफी समारोह के बाद उठाया गया है, जब स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत के कारण सभी क्रिकेट गतिविधियां रोक दी गई थीं। राज्य सरकार का गठित कार्यबल अब स्टेडियम परिसर में चल रहे सुरक्षा सुधारों की निगरानी कर अपनी रिपोर्ट जल्द सौंपने वाला है।
आरसीबी ने यह भी कहा है कि यदि स्टेडियम को आईपीएल 2026 मैचों के लिए जरूरी सरकारी अनुमति नहीं मिलती है, तो वे अपने घरेलू मुकाबले रायपुर और पुणे में कराने पर विचार कर रहे हैं। आईपीएल का आगामी सत्र संभावित रूप से 26 मार्च से शुरू होगा। इसके अलावा, चिन्नास्वामी स्टेडियम को टी20 विश्व कप 2026 के लिए अभी तक एनओसी न मिलने के कारण कोई भी मैच आयोजित नहीं किया जा सका है। यह स्टेडियम सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए राज्य और स्थानीय अधिकारियों की निगरानी में सुधार कार्य कर रहा है।