KL राहुल की टीम फाइनल में पहुंची, ड्रॉ के बावजूद पक्की हुई जगह, खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर से होगी भिड़ंत

Ranji Trophy 2025-26: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के पहले सेमीफाइनल में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में कर्नाटक और उत्तराखंड का मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी की बढ़त से कर्नाटक फाइनल में पहुंच गया।
KL राहुल की टीम फाइनल में पहुंची, ड्रॉ के बावजूद पक्की हुई जगह, खिताबी मुकाबले में जम्मू-कश्मीर से होगी भिड़ंत
रणजी ट्रॉफी में केएल राहुल की टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Uttarakhand vs Karnataka: कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच खेला गया रणजी ट्रॉफी 2025-26 का पहला सेमीफाइनल बिना नतीजे के समाप्त हुआ। मुकाबले के आखिरी दिन भी परिणाम नहीं निकला और मैच ड्रॉ घोषित कर दिया गया। हालांकि पहली पारी में मिली विशाल बढ़त के आधार पर कर्नाटक ने फाइनल में जगह बना ली। अब 24 फरवरी से होने वाले खिताबी मुकाबले में कर्नाटक का सामना जम्मू और कश्मीर से होगा।

पहली पारी में कर्नाटक का दबदबा

उत्तराखंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय टीम पर भारी पड़ा। कर्नाटक ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 736 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज KL Rahul ने 141 रन की उम्दा पारी खेली। वहीं सामरन रविचंद्रन ने 135 रन जोड़े। कप्तान देवदत्त पाडिक्कल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 232 रन बनाकर टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उत्तराखंड की ओर से आदित्य रावत ने चार विकेट लिए, जबकि मयंक मिश्रा ने तीन सफलताएं हासिल कीं, लेकिन वे कर्नाटक को बड़े स्कोर से नहीं रोक सके।

उत्तराखंड की कोशिश नाकाम

बड़े लक्ष्य के दबाव में उत्तराखंड की पहली पारी 233 रन पर सिमट गई। इसके बाद कर्नाटक ने दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी की। सामरन रविचंद्रन ने 127 रन बनाकर टीम को 323 रन तक पहुंचाया। दूसरी पारी में उत्तराखंड ने बेहतर संघर्ष दिखाया और मैच समाप्त होने तक छह विकेट गंवाकर 260 रन बना लिए। हालांकि समय समाप्त होने के कारण मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी की बढ़त ने कर्नाटक को फाइनल में पहुंचा दिया।

फाइनल में जम्मू और कश्मीर से मुकाबला

अब फाइनल में कर्नाटक की टक्कर जम्मू और कश्मीर से होगी। यह मुकाबला 24 फरवरी से केएससीए हुबली क्रिकेट मैदान, हुबली में खेला जाएगा। लगभग 12 साल बाद कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बनाई है। वहीं जम्मू और कश्मीर की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची है, जिससे मुकाबला बेहद खास और रोमांचक होने की उम्मीद है।

Navbharat Live
navbharatlive.com