पिंक सिटी से क्यों छिना RR का मुकाबला? जयपुर में नहीं होंगे राजस्थान रॉयल्स से शुरुआती मैच, उठने लगे हैं सवाल

Rajasthan Royals: आईपीएल 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं और BCCI ने पहले चरण का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। 28 मार्च से शुरू होने वाले इस सत्र में राजस्थान की टीम जयपुर में एक भी मैच नहीं खेलेगी।
पिंक सिटी से क्यों छिना RR का मुकाबला, जयपुर में नहीं होंगे राजस्थान रॉयल्स से शुरुआती मैच, उठने लगे हैं सवाल
राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम सामने आने के बाद एक बड़ी बात चर्चा में है। पहली विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स इस चरण में चार मुकाबले खेलेगी, लेकिन इनमें से एक भी मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में नहीं खेला जाएगा। खास बात यह है कि चार में से तीन मुकाबले घरेलू मैदान के तौर पर होने वाले हैं, फिर भी जयपुर को मेजबानी नहीं मिली। कार्यक्रम जारी होने के बाद से ही दर्शक लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर जयपुर में एक भी मुकाबला क्यों नहीं रखा गया। अब इसकी वजह भी सामने आ गई है।

गुवाहाटी को बनाया गया घरेलू मैदान

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले चरण में राजस्थान रॉयल्स चार मुकाबले खेलेगी। इनमें से तीन मुकाबले गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे, जबकि एक मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। इस बार टीम ने गुवाहाटी के मैदान को ही अपना घरेलू मैदान बनाने का फैसला किया है। यही कारण है कि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में एक भी मुकाबला नहीं रखा गया है। पिछले कुछ वर्षों में भी राजस्थान की टीम गुवाहाटी में एक या दो मुकाबले खेलती हुई नजर आती रही है, लेकिन इस बार वहां मुकाबलों की संख्या बढ़ा दी गई है।

राजस्थान क्रिकेट संघ की स्थिति भी बनी वजह

जयपुर में मुकाबले न होने के पीछे एक बड़ा कारण राजस्थान क्रिकेट संघ की स्थिति भी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पिछले करीब दो वर्षों से संघ में चुनाव नहीं कराए गए हैं। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की ओर से कई बार चेतावनी दी गई थी कि यदि जल्द चुनाव नहीं हुए तो मैदान को इस बड़ी प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका नहीं मिलेगा। अभी तक चुनाव नहीं कराए जाने के कारण जयपुर से मेजबानी का अधिकार लगभग छिन गया है।

मैदान की खराब हालत पर भी उठे सवाल

सवाई मानसिंह स्टेडियम की हालत को लेकर भी लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। बताया जाता है कि वर्ष 2006 के बाद से इस मैदान में बड़े स्तर पर कोई सुधार कार्य नहीं हुआ है। आधुनिक सुविधाओं की कमी और ढांचे की कमजोर स्थिति को लेकर भी चिंता जताई जाती रही है। इसी वजह से टीम प्रबंधन भी इस मैदान को लेकर पूरी तरह संतुष्ट नहीं बताया जा रहा है।

असम से जुड़ाव का भी पड़ा असर

राजस्थान रॉयल्स के अध्यक्ष रंजीत बारठाकुर असम के व्यवसायी हैं। टीम के कप्तान रियान पराग भी असम से ही आते हैं। इसके अलावा भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के मौजूदा सचिव देवजीत सैकिया भी असम से जुड़े हुए हैं। ऐसे में गुवाहाटी के मैदान को इस बार ज्यादा मुकाबलों की मेजबानी मिल गई है। इन सभी कारणों की वजह से इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले चरण में जयपुर का ऐतिहासिक मैदान खाली रहने वाला है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com