

Samit Dravid Maharaja Trophy: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ ने महाराजा ट्रॉफी KSCA टी20 लीग में अपनी शानदार बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कल्यानी बेंगलुरु ब्लास्टर्स की ओर से खेलते हुए समित ने हुबली टाइगर्स के खिलाफ बेहतरीन अंदाज में बल्लेबाजी की और अपनी क्लासिक तकनीक के साथ आधुनिक टी20 क्रिकेट के शॉट्स से सबकों हैरानी में डाल दिया है। 1 जुलाई को खेले गए इस मैच में कल्यानी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती दो विकेट जल्दी गिर गए। ऐसे मुश्किल समय में समित द्रविड़ बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। शुरुआत में संयम दिखाने के बाद उन्होंने टी20 के आकर्षक शॉट्स खेलना शुरू किया और तेजी से रन बनाए।
समित की इस पारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट प्रशंसक उनके शॉट्स की तुलना राहुल द्रविड़ की क्लासिक बल्लेबाजी से कर रहे हैं, जबकि कई लोग उनके आक्रामक टी20 अंदाज की भी तारीफ कर रहे हैं। इस पारी ने साफ कर दिया कि समित सिर्फ अपने पिता के नाम की वजह से चर्चा में नहीं हैं, बल्कि अपने प्रदर्शन से भी पहचान बना रहे हैं। समित ने अपनी 23 गेंदों की पारी में 32 रन बनाए, जिसमें छह शानदार चौके शामिल थे। हालांकि वह नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए, लेकिन इससे पहले उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
मुकाबले की बात करें तो कल्यानी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रोहन पाटिल की 64 रन की शानदार पारी और प्रवीन दुबे के अहम योगदान की बदौलत 204 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में हुबली टाइगर्स की टीम 201 रन ही बना सकी और ब्लास्टर्स ने यह रोमांचक मुकाबला दो रन से जीत लिया। हुबली के लिए मानवंत कुमार ने 22 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। इस जीत के साथ कल्यानी बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने सात मैचों में छह जीत दर्ज करते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली।