

PSL 2026: पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) को लगातार झटके लग रहे हैं। कई खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की वजह से इस टूर्नामेंट से हट रहे हैं, और अब सुरक्षा कारणों के चलते बांग्लादेश के खिलाड़ी भी पीछे हट सकते हैं।
बांग्लादेश के युवा एवं खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने रविवार को स्पष्ट कहा कि यदि सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी रहती हैं, तो बांग्लादेशी क्रिकेटर पीएसएल के आगामी सीजन में हिस्सा नहीं लेंगे। खिलाड़ियों ने अंतिम निर्णय से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) से स्पष्ट जानकारी मिलने का इंतजार करने की बात कही है।
Cricbuzz से बातचीत में अमीनुल ने कहा कि सरकार के लिए खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बीसीबी से आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही सरकार कोई फैसला करेगी। उनका कहना था, “अगर पीएसएल में सुरक्षा को लेकर कोई भी चिंता होती है, तो हमारे खिलाड़ी वहां नहीं जाएंगे। पहले बीसीबी हमें पूरी जानकारी दे, उसके बाद हम अपनी जांच के आधार पर निर्णय लेंगे।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि पर्याप्त सुरक्षा आश्वासन मिलता है, तो मंत्रालय खिलाड़ियों की भागीदारी के पक्ष में रहेगा। अमीनुल ने कहा, “अगर बीसीबी हमें भरोसा दिलाता है कि खिलाड़ियों के लिए कोई खतरा नहीं है, तो हमें भी कोई आपत्ति नहीं होगी। हम खेल को रोकना नहीं चाहते और चाहते हैं कि खिलाड़ी अपने-अपने स्तर पर खेलते रहें। बीसीबी को सुरक्षा सहित सभी पहलुओं पर हमसे सलाह करनी चाहिए।”
यह स्थिति पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) द्वारा पीएसएल 2026 के संशोधित कार्यक्रम की घोषणा के बाद सामने आई है। नए शेड्यूल के तहत मैच केवल कराची और लाहौर में, कड़ी सरकारी निगरानी के बीच, बिना दर्शकों के आयोजित किए जाएंगे। टूर्नामेंट से पहले ही कई खिलाड़ी अपना नाम वापस ले चुके हैं।
गौरतलब है कि पीएसएल के लिए छह बांग्लादेशी खिलाड़ियों मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमन, शोरीफुल इस्लाम, नाहिद राणा, तंजीद हसन तमीम और रिशाद हुसैन को बीसीबी ने अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) दे दिया है। हालांकि अब उनकी भागीदारी सरकार की अंतिम मंजूरी पर निर्भर करेगी।