T20 records: प्रियांश आर्य ने रचा इतिहास, 181 रन ठोककर तोड़ा केएल राहुल और क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड

Priyansh Arya T20 records: दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तमिलनाडु के खिलाफ 68 गेंदों में 181 रन बनाकर टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का भारतीय रिकॉर्ड बनाया।
Priyansh Arya
भारतीय क्रिकेटर प्रियांश आर्यसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • दिल्ली के कप्तान प्रियांश आर्य ने तमिलनाडु के खिलाफ 68 गेंदों में 181 रन बनाए।

  • वह टी-20 इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

  • प्रियांश की पारी से दिल्ली ने 20 ओवर में 275/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

Syed Mushtaq Ali Trophy 2026 Priyansh Arya 181 Runs: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में दिल्ली क्रिकेट टीम के कप्तान प्रियांश आर्य ने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि रिकॉर्ड बुक के पन्ने पलट गए। तमिलनाडु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में प्रियांश ने महज 68 गेंदों में 181 रन की विस्फोटक पारी खेली।

इसके साथ ही वह टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। प्रियांश की इस ऐतिहासिक बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 275 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।

चौके-छक्कों की बारिश कर तोड़ा केएल राहुल का रिकॉर्ड

दरअसल, प्रियांश आर्य ने अपनी इस यादगार पारी में मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाए। उन्होंने 266.18 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 7 चौके और 19 गगनचुंबी छक्के जड़े। इस पारी के साथ ही प्रियांश ने भारतीय बल्लेबाज के तौर पर केएल राहुल का पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।

राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 152 रन बनाए थे। मैच में प्रियांश को दूसरे छोर से भी अच्छा साथ मिला। उन्होंने पहले नितीश राणा के साथ मिलकर 46 गेंदों में 118 रन की तेजतर्रार साझेदारी की। इसके बाद अनुज रावत के साथ 40 गेंदों में 87 रन जोड़े। दिल्ली की ओर से प्रियांश के बाद अनुज रावत दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 29 रन का योगदान दिया।

Priyansh Arya
MS Dhoni IPL: मेंटर बनने के बाद भी CSK के लिए यह काम नहीं करेंगे एमएस धोनी? इरफान पठान के बयान ने चौंकाया

क्रिस गेल को पछाड़ा, विश्व रिकॉर्ड से 7 रन दूर रहे प्रियांश

हालांकि प्रियांश आर्य टी-20 क्रिकेट के ओवरऑल इतिहास में सबसे बड़ी पारी खेलने के विश्व रिकॉर्ड से सिर्फ 7 रन से चूक गए। यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के लुआन-ड्रे प्रिटोरियस के नाम दर्ज है, जिन्होंने इसी साल अक्टूबर में 79 गेंदों पर नाबाद 188 रन बनाए थे।

प्रियांश की 181 रन की पारी अब इस खास लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गई है। उन्होंने यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल को भी पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए नाबाद 175 रन की पारी खेली थी।

बतौर कप्तान और छक्कों के मामले में भी बनाया कीर्तिमान

इस एक पारी के जरिए प्रियांश ने कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

कप्तान के तौर पर सबसे बड़ी पारी: प्रियांश अब टी-20 क्रिकेट में बतौर कप्तान सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रन बनाए थे।

एक पारी में सर्वाधिक छक्के: प्रियांश ने अपनी पारी में 19 छक्के लगाकर विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इससे पहले न्यूजीलैंड के फिन एलन ने साल 2025 में 151 रन की पारी के दौरान 19 छक्के लगाए थे।

टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में भी यह अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। प्रियांश ने तिलक वर्मा (151 रन, 2024) और अभिषेक शर्मा (148 रन, 2025) को पीछे छोड़ दिया है।

Priyansh Arya
बाबर आजम के तूफान में उड़ा शारजाह वॉरियर्स, चौके-छक्कों की बारिश कर डेजर्ट वाइपर्स को दिलाई धमाकेदार जीत

ऐसा रहा है प्रियांश का टी-20 करियर

आपको बता दें कि युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्य घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अब तक 65 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इसकी 65 पारियों में उन्होंने 30 से ज्यादा की औसत से 2,045 रन बनाए हैं। उनके नाम अब टी-20 प्रारूप में 3 शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हो चुके हैं। इस ऐतिहासिक मुकाबले से पहले इस फॉर्मेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन था।