रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए महाराष्ट्र की टीम का ऐलान, पृथ्वी शॉ और जलज सक्सेना की हुई एंट्री

Maharashtra Squad: रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए महाराष्ट्र की टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में पृथ्वी शॉ और जलज सक्सेना को शामिल किया गया है। अंकित बावने को टीम का कप्तान बनाया गया है।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए महाराष्ट्र की टीम का ऐलान, पृथ्वी शॉ और जलज सक्सेना की हुई एंट्री
महाराष्ट्र टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Squad for Ranji Trophy: बीसीसीआई द्वारा आयोजित आगामी रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए महाराष्ट्र की टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और घरेलू क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी जलज सक्सेना को महाराष्ट्र की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।

15 अक्टूबर से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी के लिए अंकित बावने को महाराष्ट्र का कप्तान बनाया गया है। इस टीम में भारतीय बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ को भी शामिल हैं जो पहले अपनी राज्य टीम की कप्तानी कर चुके हैं। महाराष्ट्र का पहला मैच केरल के खिलाफ 15-18 अक्टूबर तक तिरुवनंतपुरम में होगा।

महाराष्ट्र को पिछले साल की उपविजेता टीम केरल, सौराष्ट्र, चंडीगढ़, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, पंजाब और गोवा के साथ ग्रुप बी में रखा गया है।महाराष्ट्र पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र (2024-25) में सात मैचों में दो जीत, दो ड्रॉ और तीन हार के साथ एलीट ग्रुप ए अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा था।

इस बार महराष्ट्र के चयनकर्ताओं ने अनुभव को तवज्जो दिया है। चयनकर्ताओं ने अनुभव को प्राथमिकता देते हुए राजवर्धन हंगरगेकर की जगह प्रदीप दाधे को चुना है। शॉ और सक्सेना दोनों इस घरेलू सत्र से पहले महाराष्ट्र की टीम में शामिल हुए थे। शॉ ने महराष्ट्र के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए अभ्यास मुकाबले में शतक भी लगाया है।

शॉ ने मुंबई से तोड़ा नाता

पृथ्वी शॉ ने मुश्किल दौर के बाद अपनी घरेलू टीम मुंबई को छोड़ दिया था। सीजन शुरू होने से पहले ही पृथ्वी शॉ ने मुंबई से नाता तोड़ लिया और महाराष्ट्र की टीम में शामिल हो गए। हालांकि, मुंबई की रणजी ट्रॉफी टीम में पृथ्वी शॉ को जगह नहीं मिली थी। जिसके बाद से ही शॉ ने नए ऑप्शन तलाशने शुरू कर दिए थे।

जलज सक्सेना को भी मिली जगह

वहीं अगर जलज सक्सेना की बात करें तो उन्होंने 2005-06 में मध्य प्रदेश के लिए पदार्पण किया था। वह 2016-17 सत्र में केरल में शामिल हुए और पिछले साल रणजी फाइनल में खेले जिसमें टीम विदर्भ से हार गई। सक्सेना भी केरल की टीम को छोड़कर महराष्ट्र की टीम के साथ शामिल हो गए हैं।

रणजी ट्रॉफी के लिए महाराष्ट्र की टीम

अंकित बावने (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, पृथ्वी साव, अर्शिन कुलकर्णी, सिद्धेश वीर, सौरभ नवले (विकेटकीपर), मंदार भंडारी (विकेटकीपर), जलज सक्सेना, विक्की ओस्तवाल, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, प्रदीप दाधे, हितेश वालुंज, सिद्धार्थ म्हात्रे, हर्षल काटे, रजनीश गुरबानी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com