IPL 2026: प्रिंस यादव की घातक गेंद पर चारों खाने चित हुए ईशान किशन, फिर वायरल हो गया संजीव गोयनका का रिएक्शन

SRH vs LSG: लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव ने सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन को बोल्ड किया। विकेट के बाद टीम मालिक संजीव गोयनका का दिलचस्प रिएक्शन कैमरे में कैद हुआ।
Sanjeev Goyanka and Ishan Kishan
संजीव गोयनका और ईशान किशन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sanjiv Goenka Photos Viral News: आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में हैदराबाद को बड़ा झटका तब लगा जब कप्तान ईशान किशन बेहद सस्ते में पवेलियन लौट गए। शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान इस मुकाबले में सिर्फ 4 गेंद ही खेल सके और महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें लखनऊ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने शानदार गेंद पर बोल्ड किया।

स्पीड और स्विंग के आगे बेबस दिखे ईशान

प्रिंस यादव ने अपनी तेज रफ्तार और बेहतरीन स्विंग का शानदार नमूना पेश किया। चौथे ओवर में गेंदबाजी करने आए प्रिंस ने ओवर की तीसरी गेंद फुल लेंथ पर डाली, जो पिच पर गिरने के बाद अंदर की ओर मुड़ी। ईशान किशन ने ड्राइव खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद की मूवमेंट को समझ नहीं सके और पूरी तरह चूक गए। गेंद सीधे जाकर स्टंप्स से टकराई और उनकी पारी का अंत हो गया।

संजीव गोयनका का रिएक्शन बना चर्चा का विषय

इस मुकाबले को देखने के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका भी स्टेडियम में मौजूद थे। जैसे ही ईशान किशन का विकेट गिरा, उनका एक खास रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया। गोयनका ने अपनी जेब से एक तस्वीर निकाली और उसे अपने सिर से लगाया। बताया जाता है कि उनकी गहरी आस्था तिरुपति बालाजी में है और वह उनकी तस्वीर हमेशा अपने साथ रखते हैं। ईशान के आउट होने के बाद उन्होंने उसी तस्वीर को सिर से लगाकर भगवान का आभार जताया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

शुरुआत में ही लड़खड़ाई हैदराबाद की पारी

सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत इस मुकाबले में बेहद खराब रही। ईशान किशन तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। इससे पहले मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया था। इसके बाद अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर शमी ने ट्रेविस हेड को भी आउट कर दिया।

ईशान के आउट होने तक हैदराबाद का स्कोर सिर्फ 11 रन था और टीम ने तीन बड़े विकेट गंवा दिए थे। इस शुरुआती झटकों ने टीम को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। अब देखना होगा कि बाकी बल्लेबाज किस तरह पारी को संभालते हैं और टीम को मुकाबले में वापसी दिला पाते हैं या नहीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com