पायल नाग बनीं नई चैंपियन: आर्चरी पैरा सीरीज के फाइनल में शीतल देवी को हराकर जीता गोल्ड मेडल

Archery Para Series 2026: भारतीय पैरा आर्चर शीतल देवी को आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के फाइनल में हार मिली। महिला कंपाउंड वर्ग में भारत की पायल नाग ने उन्हें हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
Payal Nag won gold by defeating Sheetal Devi.
पायल नाग (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Payal Nag defeats Sheetal Devi: भारत की पैरा आर्चरी को एक नया सितारा मिल गया है। आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के महिला कंपाउंड फाइनल में पायल नाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में भारत की ही दिग्गज तीरंदाज शीतल देवी को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।

कांटे की टक्कर में पायल की जीत

फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जहां दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पायल नाग ने पूरे मुकाबले में संयम और सटीक निशाने का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 139–136 के स्कोर के साथ जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि यह पायल का इंटरनेशनल स्तर पर पहला मेडल है, जो उनकी प्रतिभा को दर्शाता है।

शीतल देवी का शानदार सफर

पायल और शीतल दोनों ने फाइनल तक पहुंचने के लिए नॉकआउट राउंड में बेहतरीन खेल दिखाया था। सेमीफाइनल में शीतल देवी ने सिंगापुर की नूर शाहिदा अलीम को 147–142 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं पायल नाग ने ऐतिमोवा को 144–140 से मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। हाल के समय में शीतल देवी का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। उन्हें 2025 में वर्ल्ड आर्चरी द्वारा ‘पैरा आर्चर ऑफ द ईयर’ भी चुना गया था। हालांकि, इस बार फाइनल में वह पायल के सामने जीत हासिल नहीं कर सकीं।

टीम इवेंट में फिर साथ नजर आएंगी

फाइनल के बाद पायल नाग और शीतल देवी एक बार फिर टीम के रूप में मैदान पर उतरेंगी। महिला कंपाउंड टीम इवेंट के फाइनल में भारत का सामना कजाकिस्तान से होगा। इसके अलावा शीतल देवी मिक्स्ड टीम इवेंट में भी गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला करेंगी। वह तोमन कुमार के साथ इंडोनेशिया के खिलाफ खिताबी मैच खेलेंगी। पुरुषों के कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में भी भारत को सफलता मिली। श्याम सुंदर स्वामी ने अपने सीनियर साथी राकेश कुमार को रोमांचक मुकाबले में हराकर कांस्य पदक जीता।

यह मुकाबला बेहद करीबी रहा, जहां दोनों खिलाड़ी 143-143 के स्कोर पर बराबरी पर थे। इसके बाद शूट-ऑफ में फैसला हुआ, जिसमें स्वामी ने 10 के मुकाबले 9 अंक हासिल कर बाजी मार ली। इस जीत के साथ भारत ने पैरा आर्चरी में एक और पदक अपने नाम कर लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com