एशिया कप में पथुम निसांका ने रचा इतिहास, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़कर बनाया नया कीर्तिमान

Pathum Nissanka Creates History: श्रीलंका के स्टार पथुम निसांका ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। टी20 एशिया कप में निसांका ने विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ा है।
एशिया कप में पथुम निसांका ने रचा इतिहास, विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़कर बनाया नया कीर्तिमान
पथुम निसांका (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Pathum Nissanka Creates History: श्रीलंका के स्टार सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका ने शुक्रवार को भारत के खिलाफ शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए टी20 एशिया कप 2025 में इतिहास रच दिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए सुपर-फोर मुकाबले में निसांका ने न सिर्फ तेज़ शतक जड़ा, बल्कि भारत के दिग्गज विराट कोहली का एक अहम रिकॉर्ड भी तोड़ डाला।

निसांका ने केवल 25 गेंदों में अर्धशतक और 52 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस पारी के साथ ही वो टी20 एशिया कप में 12 पारियों में पांच बार 50 से अधिक का स्कोर बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 9 पारियों में चार 50+ स्कोर बनाए थे।

टी20 एशिया कप में अब तक सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वालों में निसांका सबसे आगे हैं। उनके बाद विराट कोहली (4), मोहम्मद रिजवान (6 पारियां), कुसल मेंडिस (12 पारियां) और भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (6 पारियां) तीन-तीन बार ये कारनामा कर चुके हैं।

एशिया कप में निसांका शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने

निसांका ने अपना शतक लॉन्ग ऑन पर शानदार छक्का जड़कर पूरा किया। इसके साथ ही वो टी20 एशिया कप में शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले ये कारनामा सिर्फ विराट कोहली और बाबर हयात कर पाए थे। हयात ने 2016 में शतक जड़ा था। जबकि विराट कोहली ने 2022 में शतक जड़ा था।

मुकाबले का हाल

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत ने 202 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने तूफानी पारी खेलते हुए 61 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 49 रन पर नाबाद रहे। जवाब में श्रीलंका की शुरुआत तेज़ रही। पथुम निसांका और अविष्का परेरा ने मिलकर 128 रन जोड़ दिए, वो भी सिर्फ 12 ओवर से कम में। लेकिन इसके बाद कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने मैच का रुख पलट दिया, खासकर परेरा का विकेट गिरते ही श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई। हालांकि दासुन शनाका की आखिरी ओवरों में तेज़ पारी ने मैच को फिर से रोमांचक बना दिया।

आखिरी गेंद पर श्रीलंका को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे, लेकिन हर्षित राणा की गेंद पर सिर्फ 2 रन ही बन पाए, जिससे मुकाबला सुपर ओवर में चला गया। सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह ने कमाल कर दिया। सिर्फ 2 रन दिए और दो विकेट लिए। फिर सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर तीन रन लेकर भारत को जीत दिला दी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com