पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं कि सुधरते नहीं, एक बार फिर मैच फिक्सिंग के घेरे में पड़ोसी देश का खिलाड़ी, देखें तस्वीर

Asad Akhtar No Ball: PSL 2026 शुरू होने से पहले नेशनल T20 कप में एक मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी पर फैंस ने मैच फिक्सिंग के आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बहस तेज हो गई है।
Asad Akhtar Match Fixing Controversy
Asad Akhtar Match Fixing Controversy (Photo- Social Media)
Published on
Updated on

Asad Akhtar Match Fixing Controversy: पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर मैच फिक्सिंग को लेकर बहस छिड़ गई है। नेशनल टी20 कप 2026 के एक मुकाबले के बाद युवा तेज गेंदबाज असद अख्तर सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गए हैं। मैच के दौरान उनकी एक संदिग्ध नो बॉल ने फैंस को हैरान कर दिया और कई लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

नो बॉल को लेकर उठा विवाद

नेशनल टी20 कप 2026 का 16वां मुकाबला कराची रीजन ब्लूज और लाहौर रीजन ब्लूज के बीच खेला गया। इस मैच में कराची की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाहौर रीजन ब्लूज की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 149 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इस तरह कराची ने मुकाबला 57 रन से जीत लिया। हालांकि मैच के नतीजे से ज्यादा चर्चा कराची के तेज गेंदबाज असद अख्तर की गेंदबाजी को लेकर हो रही है। उन्होंने मैच में केवल एक ओवर डाला, लेकिन उसी ओवर में दो नो बॉल और दो वाइड गेंदें फेंकी। इस ओवर में कुल 21 रन खर्च हुए। इसी दौरान उनकी एक नो बॉल ऐसी रही, जिसमें उनका पैर क्रीज से काफी आगे निकल गया था।

मोहम्मद आमिर से होने लगी तुलना

असद अख्तर की इस नो बॉल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई फैंस ने इसे देखकर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के पुराने विवादित नो बॉल मामले की याद दिलाई। इसी वजह से कुछ लोग इस गेंद को संदिग्ध बताते हुए मैच फिक्सिंग के आरोप लगाने लगे। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक जांच शुरू नहीं हुई है। फिर भी सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर काफी चर्चा हो रही है और फैंस अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

कौन हैं असद अख्तर?

असद अख्तर पाकिस्तान के उभरते हुए तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। उनकी उम्र अभी 25 साल है और उन्होंने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनानी शुरू की है। अब तक वह पांच घरेलू मुकाबले खेल चुके हैं। इन मैचों में उन्होंने 9.14 की इकॉनमी रेट से रन खर्च करते हुए कुल तीन विकेट हासिल किए हैं।

हालांकि इस विवादित नो बॉल के बाद वह अचानक चर्चा का विषय बन गए हैं। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के क्रिकेट फैंस इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी राय दे रहे हैं। फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बोर्ड इस घटना को लेकर कोई जांच करता है या इसे सामान्य गलती मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com