ODI World Cup 2027: यहां होगा क्रिकेट का महाकुंभ, ICC वनडे विश्व कप में फिर होगी पुराने फॉर्मेट की वापसी

ODI WC 2027: क्रिकेट के सबसे बड़े महांकुभ वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी शुरू हो चुकी है। जानें यह टूर्नामेंट कहां होगा, कब खेला जाएगा और इसका फॉर्मेट क्या रहेगा।
ICC World Cup Trophy
आईसीसी वर्ल्ड कप ट्रॉफी (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

One Day World Cup 2027: वनडे विश्व कप 2027 को लेकर इस समय काफी चर्चा हो रही है। अगले साल खेले जाने वाले इस बड़े आईसीसी टूर्नामेंट की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। हालांकि अभी तक सभी टीमों के नाम फाइनल नहीं हुए हैं, लेकिन कुछ टीमों ने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। बाकी टीमों का फैसला आने वाले समय में होगा। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि यह विश्व कप कब और कहां आयोजित होगा और इसका फॉर्मेट क्या रहने वाला है, जो इस बार काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है।

हर साल एक बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट

आईसीसी ने अब अपने कैलेंडर को इस तरह तैयार किया है कि हर साल एक बड़ा टूर्नामेंट खेला जाता है। साल 2023 में वनडे विश्व कप हुआ था, जबकि 2024 में टी20 विश्व कप आयोजित किया गया। इसके बाद 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी की वापसी हुई। हाल ही में 2026 का टी20 विश्व कप भी खेला गया। टी20 विश्व कप जहां हर दो साल में होता है, वहीं वनडे विश्व कप चार साल के अंतराल पर आयोजित किया जाता है। इसी वजह से अगला वनडे विश्व कप 2027 में खेला जाएगा।

तीन देशों की संयुक्त मेजबानी

वनडे विश्व कप 2027 की मेजबानी साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे आईसीसी के फुल मेंबर हैं, इसलिए मेजबान होने के नाते उनकी जगह तय है। वहीं नामीबिया एसोसिएट मेंबर है, इसलिए उसे सीधी एंट्री नहीं मिली है और उसे क्वालीफायर के जरिए अपनी जगह बनानी होगी। बाकी टीमों का चयन आईसीसी वनडे रैंकिंग के आधार पर किया जाएगा, जिसकी कटऑफ अगले साल मार्च में रखी गई है।

अक्टूबर-नवंबर में हो सकता है आयोजन

हालांकि अभी तक टूर्नामेंट का आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि यह अक्टूबर से नवंबर के बीच खेला जाएगा। इस दौरान दक्षिण अफ्रीका में मौसम भी अनुकूल रहता है। ज्यादातर बड़े मुकाबले साउथ अफ्रीका में ही खेले जाने की उम्मीद है।

इन शहरों में खेले जाएंगे मैच

इस विश्व कप के लिए साउथ अफ्रीका के कई शहरों को वेन्यू के तौर पर चुना गया है। इनमें जोहान्सबर्ग, केपटाउन, डरबन, सेंचुरियन, गकेबरहा, ब्लोमफ़ोन्टेन, ईस्ट लंदन और पार्ल शामिल हैं। इसके अलावा जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब और नामीबिया की राजधानी विंडहोक में भी कुछ मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। भारतीय टीम अपने मैच कहां खेलेगी, इसका फैसला शेड्यूल जारी होने के बाद ही होगा।

इस बार 14 टीमें लेंगी हिस्सा

साल 2003 के बाद पहली बार वनडे विश्व कप अफ्रीकी महाद्वीप में आयोजित होगा, जिससे इसे लेकर उत्साह काफी ज्यादा है। पिछली बार 2023 में केवल 10 टीमों ने हिस्सा लिया था, लेकिन इस बार आईसीसी ने टीमों की संख्या बढ़ाकर 14 कर दी है। खास बात यह है कि नामीबिया पहली बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी का हिस्सा बनेगा।

सुपर सिक्स फॉर्मेट की वापसी

इस बार टूर्नामेंट का फॉर्मेट भी बदला गया है। आईसीसी ने सुपर सिक्स सिस्टम को फिर से लागू किया है। 14 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनमें प्रत्येक में सात टीमें होंगी। ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप से टॉप 3 टीमें सुपर सिक्स में पहुंचेंगी, जबकि बाकी टीमें बाहर हो जाएंगी। इसके बाद सुपर सिक्स से टॉप 4 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। सेमीफाइनल नॉकआउट आधार पर होगा, जहां हारने वाली टीम बाहर हो जाएगी और जीतने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com