नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर रचा इतिहास, ये है टी20 इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर

Namibia vs South Africa: हाल ही में नेपाल ने वेस्टइंडीज को टी20 सीरीज में हराकर बड़ा उलटफेर किया था, लेकिन अब टी20 इतिहास में उससे भी बड़ा चौंकाने वाला नतीजा देखने को मिला है जिसने सबको हैरान कर दिया।
नामीबिया ने साउथ अफ्रीका को हराकर रचा इतिहास, ये है टी20 इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर
नामीबिया बनाम साउथ अफ्रीका मुकाबले की फोटो (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Namibia vs South Africa: क्रिकेट के खेल में कब कौन-सी टीम क्या कर जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। हाल ही में नेपाल ने वेस्टइंडीज को टी20 सीरीज में हराकर सभी को हैरान कर दिया था। सभी को लगा था कि निकट भविष्य में ऐसा उलटफेर दोबारा देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन उसके कुछ ही दिनों बाद टी20 क्रिकेट के इतिहास में इससे भी बड़ा उलटफेर हो गया। दरअसल, नामीबिया ने साउथ अफ्रीका जैसी स्टार खिलाड़ियों से भरी टीम को रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर चौका मारकर शिकस्त दी है। नामीबिया की इस उपलब्धि के बाद क्रिकेट जगत में तहलका मचा हुआ है।

साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी रही पूरी तरह नाकाम

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम पूरी तरह असंतुलित नजर आई। संन्यास से वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके साथ रीजा हेंड्रिक्स भी 7 रन बनाकर सस्ते में आउट हुए। लुआन-ड्रे प्रीटोरियस ने 22 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि जे. स्मिथ ने 30 गेंदों में 31 रन की धीमी पारी खेली। कप्तान डोनोवन फरेरा भी सिर्फ 4 रन बना सके। पूरी टीम 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर केवल 134 रन तक ही पहुंच सकी। नामीबिया के गेंदबाज रूबेन ट्रम्पेलमैन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि मैक्स हेइंगो ने 2 खिलाड़ियों को आउट किया।

ग्रीन और ट्रम्पेलमैन रहे जीत के हीरो

लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम की शुरुआत भले ही तेज न रही हो, लेकिन उनके बल्लेबाजों ने परिस्थिति के अनुसार खेल दिखाया। विकेटकीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन ने नाबाद 30 रन (23 गेंद) बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं, रूबेन ट्रम्पेलमैन ने भी 11 रन बनाकर अंत तक साथ निभाया। मालन क्रूगर ने 18 रन और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने 21 रन की अहम पारी खेली। मैच आखिरी गेंद तक गया और नामीबिया ने चौका लगाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

ये भी पढ़ें:

एसोसिएट टीम के आगे दूसरी बार झुकी साउथ अफ्रीका

यह दूसरी बार है जब दक्षिण अफ्रीका किसी एसोसिएट देश के खिलाफ हार का स्वाद चख रही है। इससे पहले साल 2022 में नीदरलैंड ने उन्हें टी20 विश्व कप में हराकर बड़ा उलटफेर किया था। अब नामीबिया ने भी उस याद को ताजा कर दिया है। इस जीत ने नामीबियाई क्रिकेट के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है। वहीं, साउथ अफ्रीकी टीम की यह हार उनके संयोजन और मानसिक मजबूती पर सवाल खड़े करती है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला आने वाले समय तक यादगार रहेगा, क्योंकि इसने साबित कर दिया कि क्रिकेट में कोई भी टीम कमजोर नहीं होती।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com