

MS Dhoni Ruled Out from IPL: पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2026 की शुरुआत से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम ने शनिवार, 28 मार्च को बताया कि भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। धोनी काफ स्ट्रेन से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए शुरुआती मुकाबलों में चुनौती बन सकती है।
फ्रेंचाइज़ी ने शनिवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। चेन्नई सुपर किंग्स अब सोमवार शाम गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। महेंद्र सिंह धोनी की चोट को लेकर CSK ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश भी साझा किया। टीम ने लिखा, “जल्द ठीक हो जाओ, थाला।” धोनी की गैरमौजूदगी टीम के लिए शुरुआती मुकाबलों में बड़ी चुनौती हो सकती है, क्योंकि उनका अनुभव और नेतृत्व हमेशा टीम के लिए अहम रहा है।
धोनी के चोटिल होने से फैंस को बड़ा झटका लगा है। उनकी गैरमौजूदगी में चेन्नई सुपर किंग्स के सामने संतुलन बनाने की चुनौती होगी। ऐसे में टीम विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन को सौंप सकती है, जिन्हें पिछले दिसंबर में IPL 2026 की नीलामी से पहले ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किया गया था। इसके लिए CSK ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स को देकर सैमसन को अपने साथ जोड़ा था।
बता दें कि अगस्त 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ IPL में ही खेलते नजर आते हैं। पिछले सीजन में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सभी 14 मैच खेले थे, जिसमें 24.50 की औसत और 135.17 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए थे।
पिछले साल टीम को एक और बड़ा झटका तब लगा था, जब कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ कोहनी में फ्रैक्चर के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। ऐसे में धोनी ने एक बार फिर कप्तानी संभालते हुए टीम की जिम्मेदारी उठाई थी।