DSP साहब को हिटमैन का खास तोहफा...हीरे की अंगूठी पाकर चमकी सिराज की मुस्कान, BCCI ने शेयर किया वीडियो

बोर्ड ने फरवरी 2025 में नमन अवॉर्ड्स के दौरान चैंपियन खिलाड़ियों को हीरे की अंगूठी गिफ्ट की थी। उस फंक्शन में सिराज मौजूद नहीं थे। इसी वजह से अब रोहित ने सिराज को वो अंगूठी सौंपी है।
मोहम्मद सिराज को रोहित शर्मा से मिली हीरे की अंगूठी, BCCI ने शेयर किया वीडियो
मोहम्मद सिराज को रोहित शर्मा (सोर्स- वीडियो)
Updated on

स्पोर्ट्स डेस्क: आईपीएल 2025 का 56वां मुकाबला आज 6 मई को मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एक दूसरे के आमने-सामने होगी। इस मैच से पहले GT के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को खास तोहफा मिला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सोमवार को एक खास वीडियो शेयर किया।

वीडियो में रोहित शर्मा सिराज को हीरे की अंगूठी सौंपते नजर आए। आपके मन में सवाल होगा कि सिराज को इतना कीमती तोहफा क्यों मिला? दरअसल, रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप जीता था। टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली भारतीय टीम को BCCI ने हीरे की अंगूठी देकर सम्मानित किया।

बोर्ड ने फरवरी 2025 में नमन अवॉर्ड्स के दौरान चैंपियन खिलाड़ियों को हीरे की अंगूठी गिफ्ट की थी। उस फंक्शन में सिराज मौजूद नहीं थे। ऐसे में अब सिराज को भारतीय कप्तान रोहित ने अंगूठी सौंपी है। अंगूठी देते हुए रोहित ने कहा कि फंक्शन में सिराज की कमी खली। मुझे यह खास अंगूठी देते हुए गर्व हो रहा है, जो हम सभी के लिए बनाई गई है।

अंगूठी पाकर सिराज की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "चैंपियन।" आपको बता दें कि रोहित की अगुआई में भारत ने टी20 विश्व कप जीतकर 11 साल का आईसीसी ट्रॉफी का सूखा खत्म किया। रोहित ब्रिगेड ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराया। भारत ने बारबाडोस के मैदान पर 176/7 का स्कोर बनाने के बाद दक्षिण अफ्रीका को 169/8 पर रोक दिया।

लगातार छह जीत के साथ शानदार फॉर्म में चल रही पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस मंगलवार को वानखेड़े स्टेडियम में भिड़ने वाले हैं। दोनों टीमें प्लेऑफ में जगह पक्की करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। फिलहाल दोनों के 14-14 अंक हैं। मुंबई इंडियंस ने 11 में से 7 मुकाबले जीते हैं और अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, जबकि गुजरात टाइटंस ने 10 में से 7 जीत दर्ज कर चौथे स्थान पर जगह बनाई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com