DC के लिए राहत की खबर...इस दिन टीम में जुड़ेंगे मिचेल स्टार्क, इस खतरनाक टीम के सामने करेंगे सीजन की शुरूआत

IPL 2026: आईपीएल 2026 के बीच दिल्ली कैपिटल्स के लिए खुशखबरी! चोट से उबरकर तेज गेंदबाज Mitchell Starc टीम से जुड़ने वाले हैं। जानें कब खेलेंगे अपना पहला मुकाबला।
Mitchell Starc Join IPL 2026
मिचेल स्टार्क (फाइल फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mitchell Starc Join IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2026 के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) जल्द ही टीम से जुड़ सकते हैं। हालांकि उनके तुरंत मैदान पर उतरने की संभावना कम है, लेकिन उनकी वापसी से टीम के गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

स्टार्क को हाल ही में कंधे और कोहनी की चोट से उबरने के बाद आईपीएल में खेलने की अनुमति मिल गई है। माना जा रहा है कि वे जल्द ही भारत पहुंचकर दिल्ली कैपिटल्स कैंप को जॉइन करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वे 1 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर वापसी कर सकते हैं, हालांकि यह उनकी फिटनेस पर निर्भर करेगा।

BBL में मैच के दौरान लगी थी चोट

मिचेल स्टार्क (Mitchell Starc) की चोट उस समय लगी थी जब वे बिग बैश लीग (Big Bash League) में खेल रहे थे। कैच लेने के दौरान डाइव लगाते समय उनके बाएं कंधे और कोहनी में चोट आई थी। इससे पहले उन्होंने एशेज सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने 31 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब जीता था। स्टार्क की वापसी से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि टीम इस सीजन में लगातार संघर्ष कर रही है। अब तक खेले गए छह मैचों में टीम ने तीन जीत और तीन हार दर्ज की हैं और 6 अंकों के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। टीम अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन उसे आगे के मुकाबलों में लगातार जीत की जरूरत होगी।

SRH में जल्द होगी पैट कमिंस की वापसी

इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के एक और स्टार खिलाड़ी और कप्तान पैट कमिंस की भी वापसी की खबरें सामने आई हैं। वे चोट से उबर चुके हैं और जल्द ही अपनी आईपीएल टीम सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़ सकते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी ईशान किशन संभाल रहे हैं।

स्टार्क और कमिंस जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की वापसी से आईपीएल 2026 के मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। खासकर दिल्ली कैपिटल्स के लिए स्टार्क की मौजूदगी गेंदबाजी आक्रमण को नई धार दे सकती है और टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को मजबूती मिल सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com