

Meenakshi Lekhi Appointed DCCBI President: पूर्व विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) की अध्यक्ष के तौर पर नई जिम्मेदारी संभाल ली है। ये संस्था भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए काम करती है।
उनकी नियुक्ति की घोषणा आगरा में आयोजित भव्य दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड सेरेमनी के दौरान की गई।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद मीनाक्षी लेखी ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वो पूरी लगन, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिव्यांग क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान मीनाक्षी लेखी ने भगवान श्रीराम के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने राजकुमार होने के बावजूद अपने माता-पिता की इच्छा का सम्मान किया और वनवास स्वीकार किया। लेखी ने कहा कि जीवन में कर्म सबसे महत्वपूर्ण होता है।
मीनाक्षी लेखी ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा, 'ईमानदारी और लगन से अपने कर्तव्य निभाते रहें, आपके सामने रास्ते खुलते जाएंगे।'
मीनाक्षी लेखी ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की मेहनत, मजबूत इरादे और प्रतिभा देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खिलाड़ियों को सिर्फ मैदान पर खेलने का मौका देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान, पहचान और बेहतर भविष्य देना भी सभी की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर मीनाक्षी लेखी का स्वागत करते हुए दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मुकेश कंचन ने कहा कि बोर्ड को उनके रूप में एक ऐसा मार्गदर्शक मिला है, जो खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि मीनाक्षी लेखी के मार्गदर्शन में दिव्यांग क्रिकेट नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।
वहीं, व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे ने भी मीनाक्षी लेखी के बोर्ड से जुड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनका अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण भारत में दिव्यांग और व्हीलचेयर क्रिकेट को नई दिशा और मजबूती देगा।
प्रस्तावित ट्राई-नेशन सीरीज तीनों देशों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगी। इस सीरीज के जरिए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला करने का मौका मिलेगा और क्रिकेट के माध्यम से देशों के बीच दोस्ती और खेल भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
बोर्ड के पदाधिकारियों को उम्मीद है कि मीनाक्षी लेखी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम को नई ताकत मिलेगी। साथ ही देशभर के हजारों दिव्यांग क्रिकेटरों को अपने खेल के सपनों को पूरा करने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलेगा।