एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुआ स्टार तेज गेंदबाज

Mark Wood: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड चोट के कारण एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं। इंग्लैंड ने उनके जगह पर मैथ्यू फिशर को शामिल किया। वहीं अब वुड इंग्लैंड वापस लौट जाएंगे।
एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड को लगा बड़ा झटका, चोट के कारण बाहर हुआ स्टार तेज गेंदबाज
मार्क वुड (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mark Wood Ruled Out Of Ashes: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे एशेज सीरीज में इंग्लैंड को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज मार्क वुड एशेज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया गया है। एशेज सीरीज में इंग्लैंड का प्रदर्शन अभी तक निराशाजनक रहा है। इंग्लैंड को शुरुआती दो मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है।

ईसीबी ने मंगलवार को बताया, "मार्क वुड इंजरी की वजह से एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं। रिहैबिलिटेशन और रिकवरी प्रक्रिया शुरू करने के लिए वह स्वदेश लौटेंगे। वह ईसीबी की मेडिकल टीम के साथ मिलकर रिकवरी पर काम करेंगे। उनकी जगह मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया गया है।"

चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान हुए इंजर्ड

मार्क वुड ने चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान इंजर्ड होने के बाद पर्थ में खेले गए एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में वापसी की थी। उसी टेस्ट में वुड को फिर से घुटने में समस्या आ गई। वह सिर्फ 11 ओवर फेंक सके थे। ब्रिसबेन में खेले गए दूसरे टेस्ट से वह बाहर हो गए थे। माना जा रहा था कि एडिलेड या मेलबर्न में वह वापसी कर सकते हैं, लेकिन अब उन्हें पूरी सीरीज से बाहर होना पड़ा है।

चोट से प्रभावित रहा है वुड का करियर

वुड का करियर चोटों से परेशान रहा है। कई बार वह इंजरी की वजह से लंबे-लंबे समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहे हैं। 35 साल के वुड यह स्वीकार कर चुके हैं कि उनका शरीर अब पहले की तरह नहीं रहा। उन पर उम्र का असर हावी हो रहा है। 145 किलोमीटर की रफ्तार से गेंदबाजी भी उनके लिए मुश्किल हो रही है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्क वुड इंग्लैंड के लिए टी20 विश्व कप 2026 तक फिट नहीं हो पाए तो फिर उनकी वापसी बेहद मुश्किल होगी।

वुड की जगह टीम में शामिल किए गए मैथ्यू फिशर ने इंग्लैंड के लिए अब तक सिर्फ एक टेस्ट खेला है। 28 साल के फिशर ने 2022 में अपना एकमात्र टेस्ट वेस्टइंडीज के खिलाफ ब्रिजटाउन में खेला था। उस टेस्ट में उन्होंने 1 विकेट लिए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया को इस सीरीज में बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड भी एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com