

Ind vs Wi 3rd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला कल यानी शनिवार, 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारत ने शुरुआती 2 मैचों को जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त बना ली है। ऐसे में भारतीय टीम ये अंतिम मैच जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। दूसरी ओर मेहमान टीम जीत के साथ सीरीज का अंत करने के लिए मैदान में उतरेगी।
आखिरी वनडे से प्रसिद्ध कृष्णा चोट के चलते टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह पर बीसीसीआई ने अंशुल कंबोज को मौका दिया है। दरअसल, गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान प्रसिद्ध कृष्णा को हैमस्ट्रिंग में चोट आई थी। कृष्णा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा सीरीज में 2 मैचों में 35.00 की औसत से 3 विकेट लिए हैं।
आपको बता दें कि, तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज घरेलू क्रिकेट में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हैं। अंशुल कंबोज ने जुलाई 2025 में इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट डेब्यू किया था और एक विकेट लिया था। यह कंबोज का अब तक का इकलौता टेस्ट मैच है।
वहीं, वेस्टइंडीज के विरुद्ध होने वाली टी-20 सीरीज से वाशिंगटन सुंदर को बाहर कर दिया गया है। नमन धीर को वॉशिंग्टन सुंदर की जगह टी-20 टीम में मौका दिया गया है। चयन कमेटी ने नवंबर में होने वाली न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज को देखते हुए यह फैसला लिया है। अब 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी सीजन के साथ सुंदर अपनी राज्य की टीम के लिए रेड-बॉल क्रिकेट खेलेंगे।
भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच तीसरा वनडे मैच 3 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे शुरू होगा। वहीं इस मैच का टॉस आधा घंटे पहले यानी 1:30 बजे होगा।
ऐसे में क्रिकेट फैंस इस मैच को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। इसके अलावा क्रिकेट प्रेमी मोबाइल पर जियो हॉटस्टार एप पर भी इस मैच का आनंद ले सकते है।