करुण नायर ने ठोका बैक टू बैक शतक, फिर होगी टीम इंडिया में वापसी?

Karun Nair in Ranji Trophy: इंग्लैंड दौरे पर फ्लॉप रहने के बाद करुण नायर ने रणजी ट्रॉफी में जोरदार वापसी की है। उन्होंने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़कर शानदार फॉर्म का सबूत दिया है।
करुण नायर ने ठोका बैक टू बैक शतक, फिर होगी टीम इंडिया में वापसी?
करुण नायर (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Karun Nair: भारत के अनुभवी बल्लेबाज करुण नायर एक बार फिर शानदार फॉर्म में लौट आए हैं। इंग्लैंड दौरे पर फ्लॉप प्रदर्शन के बाद उन्हें टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब रणजी ट्रॉफी में उन्होंने जोरदार वापसी की है। कर्नाटक के लिए खेलते हुए करुण ने लगातार दूसरे मैच में शतक जड़ा है और अपनी बल्लेबाजी से टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में हासिल की बड़ी उपलब्धि

1 नवंबर से मंगलापुरम (तिरुवनंतपुरम) के केसीए क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-बी मुकाबले में करुण नायर ने पहले ही दिन शानदार शतक ठोका। उन्होंने 10 चौके और 2 छक्कों की मदद से सिर्फ 160 गेंदों में शतक पूरा किया। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का 26वां शतक रहा। अपनी इस शानदार पारी के दौरान उन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9 हजार रन भी पूरे कर लिए। वह यह मुकाम हासिल करने वाले कर्नाटक के छठे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले राहुल द्रविड़, गुंडप्पा विश्वनाथ, बृजेश पटेल, सैयद किरमानी और रॉबिन उथप्पा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

कर्नाटक की पारी को संभाला करुण ने

केरल के खिलाफ मैच में कर्नाटक की शुरुआत बेहद खराब रही थी। टीम ने महज 13 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इस मुश्किल स्थिति में करुण नायर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने पहले कृष्णन श्रीजीत (65 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 123 रनों की साझेदारी की। इसके बाद स्मरण रविचंद्रन के साथ चौथे विकेट के लिए शानदार भागीदारी निभाई। पहले दिन का खेल खत्म होने तक कर्नाटक ने 3 विकेट पर 319 रन बना लिए थे। करुण नायर 142 रन पर नाबाद थे, जबकि रविचंद्रन 88 रन बनाकर खेल रहे थे। उनकी इस पारी ने कर्नाटक को मैच में मजबूत स्थिति दिला दी।

लगातार फॉर्म में करुण नायर

इससे पहले भी करुण नायर रणजी ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने गोवा के खिलाफ 174 नाबाद रन की धमाकेदार पारी खेली थी, जबकि सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 73 रन बनाए थे। लगातार अच्छा प्रदर्शन कर वह एक बार फिर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

इंग्लैंड दौरे पर फ्लॉप, अब वापसी की उम्मीद

करुण नायर आठ साल बाद 2025 में इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में लौटे थे। हालांकि, वह इस मौके का पूरा फायदा नहीं उठा सके और चार टेस्ट मैचों की आठ पारियों में केवल 205 रन ही बना पाए। उनके बल्ले से एकमात्र अर्धशतक निकला। खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें वेस्टइंडीज सीरीज से बाहर कर दिया गया।

अब नायर फिर से चयनकर्ताओं की नजर में आने की कोशिश कर रहे हैं। रणजी में लगातार रन बनाकर उन्होंने यह साबित कर दिया है कि उनमें अभी काफी क्रिकेट बाकी है। आने वाली साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में उन्हें मौका मिलेगा या नहीं, यह देखना दिलचस्प रहेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com