GT vs MI: कागिसो रबाडा की घातक गेंदबाजी! 152 kmph की रफ्तार से सूर्यकुमार यादव चारों खाने चित- VIDEO

IPL 2026: कगिसो रबाडा ने मुंबई इंडियंस के टॉप ऑर्डर को झकझोर दिया और अपनी शानदार गेंदबाजी से सूर्यकुमार यादव को बेहतरीन गेंद पर बोल्ड कर पवेलियन भेजा।
Kagiso Rabada's lethal delivery! Suryakumar Yadav was bowled out at 152 kmph.
कगिसो रबाडा की गेंद पर बोल्ड हुए सूर्यकुमार यादव (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Suryakumar Yadav Bold Video: आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचा दिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी गुजरात की टीम को रबाडा ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने पावरप्ले में ही मुंबई के टॉप ऑर्डर को झकझोरते हुए टीम को बैकफुट पर धकेल दिया और शुरुआती तीन ओवरों में तीन बड़े विकेट अपने नाम किए।

सूर्यकुमार यादव को किया क्लीन बोल्ड

रबाडा की सबसे खतरनाक गेंद का शिकार बने सूर्यकुमार यादव। छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर रबाडा ने 152.1 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज गेंद डाली, जो पिच पर पड़ने के बाद अंदर की ओर आई। सूर्या इस गेंद को समझ नहीं पाए और उनका डिफेंस पूरी तरह टूट गया। गेंद सीधे स्टंप्स से टकराई और वह 15 रन बनाकर बोल्ड हो गए। यह विकेट मुंबई के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।

क्विंटन डी कॉक को बाउंसर में फंसाया

इससे पहले कगिसो रबाडा ने ओपनर क्विंटन डी कॉक को अपनी शॉर्ट पिच गेंद से परेशान किया। चौथे ओवर में उन्होंने करीब 150 की रफ्तार से बाउंसर फेंकी, जिस पर डी कॉक ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि गेंद बल्ले का किनारा लेकर हवा में गई और रबाडा ने खुद ही आसान कैच पकड़कर उन्हें पवेलियन भेज दिया। यह विकेट गुजरात के लिए शुरुआती बढ़त लेकर आया।

डेब्यू मैच में दानिश भी हुए शिकार

मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू कर रहे दानिश मालेवर भी रबाडा के सामने टिक नहीं पाए। दूसरे ओवर में रबाडा ने सटीक लाइन पर तेज गेंद डाली, जिस पर बल्लेबाज चूक गए और गेंद सीधे पैड्स पर जा लगी। अंपायर ने उन्हें LBW आउट करार दिया। इस तरह रबाडा ने अपने शुरुआती स्पेल में ही मुंबई के तीन अहम विकेट गिराकर मैच का रुख बदल दिया।

रबाडा ने अपने चार ओवर के स्पेल में 33 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनकी इस घातक गेंदबाजी ने गुजरात टाइटंस को मजबूत स्थिति में ला दिया। पावरप्ले में ही विपक्षी टीम को झकझोरने का असर पूरे मैच पर पड़ा और मुंबई इंडियंस दबाव में आ गई। हांलाकि बाद में तिलक वर्मा की नाबाद 101 रन की शतकीय पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के सामने 200 रन का टारगेट खड़ा कर दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com