जो रूट ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने

लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ अपना 33वां टेस्ट खेल रहे जो रूट, टेस्ट क्रिकेट में भारत के विरुद्ध 3000 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं।
जो रूट ने रचा इतिहास, भारत के खिलाफ ऐसा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने
जो रूट (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

लॉर्ड्स: जो रूट ने गुरुवार (10 जुलाई) को भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 3000 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। पिछले 93 सालों में 300 से ज़्यादा खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन 34 वर्षीय इंग्लिश बल्लेबाज रूट भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के खिलाफ खेल के पांच दिवसीय प्रारूप में कम से कम 3000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी हैं।

टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के सर्वकालिक सर्वाधिक रन बनाने वाले रूट को गुरुवार को भारत के खिलाफ 3000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए 45 रनों की जरूरत थी और उन्होंने इंग्लैंड की पहली पारी के 44वें ओवर की तीसरी गेंद पर नितीश रेड्डी की गेंद पर चौका लगाकर यह मुकाम हासिल कर लिया।

भारत के खिलाफ 33वां मुकाबला खेल रहे रूट

जो रूट भारत के खिलाफ अपना 33वां टेस्ट मुकाबला खेल रहे हैं। उन्होंने 13 दिसंबर, 2012 को नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत के खिलाफ इंग्लैंड के लिए अपना टेस्ट डेब्यू किया था और तब से अब तक भारत के खिलाफ टेस्ट में 10 शतक और 12 अर्धशतक लगा चुके हैं।

जो रूट ने बनाया रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में रूट के बाद दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का नंबर आता है। पोंटिंग ने भारत के खिलाफ 29 टेस्ट मैच खेले और कुल 2555 रन बनाए। भारत के खिलाफ कुल 8 बल्लेबाजों ने 2000 से ज्यादा टेस्ट रन बनाए हैं। इसमें रूट, पोंटिंग, एलिस्टर कुक, स्टीव स्मिथ, क्लाइव लॉयड, जावेद मियांदाद, शिवनारायण चंद्रपॉल और माइकल क्लार्क का नाम शामिल है।

भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में सर्वाधिक रन

खिलाड़ी टीम मैच रन सर्वश्रेष्ठ स्कोर शतक/अर्धशतक
जो रूट इंग्लैंड 33* 3001* 218 10/12
रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया 29 2555 257 8/12
एलेस्टेयर कुक इंग्लैंड 30 2431 294 7/9
स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया 24 2356 192 11/5
क्लाइव लॉयड वेस्टइंडीज 28 2344 242* 7/12
जावेद मियांदाद पाकिस्तान 28 2228 280* 5/14
शिवनारायण चंद्रपॉल वेस्टइंडीज 25 2171 140 7/10
माइकल क्लार्क ऑस्ट्रेलिया 22 2049 329* 7/6

आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर मौजूद रूट भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैचों में 3000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी हैं।

भारत-इंग्लैंड टेस्ट में सर्वाधिक रन

खिलाड़ी टीम मैच रन सर्वश्रेष्ठ स्कोर शतक/अर्धशतक
जो रूट इंग्लैंड 33* 3001* 218 10/12
सचिन तेंदुलकर भारत 32 2535 193 7/13
सुनील गावस्कर भारत 38 2483 221 4/16
एलेस्टेयर कुक इंग्लैंड 30 2431 294 7/9
विराट कोहली भारत 28 1991 235 5/9

भारत के खिलाफ टेस्ट मैचों में 3000 रन पूरे करने से पहले, रूट ने भारतीय टीम के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट+वनडे+टी20) में 4000 रन पूरे किए। वह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के खिलाफ 4000 से अधिक रन बनाने वाले पहले अंग्रेज और दुनिया के कुल चौथे बल्लेबाज हैं।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ सर्वाधिक रन

खिलाड़ी टीम मैच रन सर्वश्रेष्ठ स्कोर शतक/अर्धशतक
रिकी पोंटिंग ऑस्ट्रेलिया 89 4795 257 14/22
महेला जयवर्धने श्रीलंका 110 4563 275 10/25
कुमार संगकारा श्रीलंका 97 4287 219 11/23
जो रूट इंग्लैंड 65* 4013* 218 13/16
स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया 65 3968 192 16/13
सनथ जयसूर्या श्रीलंका 103 3927 340 10/16
शिवनारायण चंद्रपॉल वेस्टइंडीज 73 3531 149* 9/20
मैथ्यू हेडन ऑस्ट्रेलिया 48 3417 203 9/19
जैक्स कैलिस दक्षिण अफ्रीका 58 3409 201* 9/18
जावेद मियांदाद पाकिस्तान 63 3403 280* 8/20

भारत के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पोंटिंग के नाम है। अपने 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान, पोंटिंग ने भारत के खिलाफ सभी प्रारूपों में 89 मैच खेले और 4795 रन बनाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com