वर्ल्ड कप से ज्यादा मेरी जरूरत थी...जितेश शर्मा का छलका दर्द, टीम से ड्रॉप होने के बाद खोया था पिता का साथ

T20 WC 2026: जितेश शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम में जगह नहीं बना पाए। उन्होंने खुलासा किया कि उस समय उनके पिता गंभीर बीमार थे और 1 फरवरी को उनका निधन हो गया, इसलिए वह उनके साथ रहे।
Jitesh Sharma statement on his father and T20 WC 2026
जितेश शर्मा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jitesh Sharma: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में आखिरी समय पर जगह नहीं बना पाए। चयनकर्ताओं ने उनकी जगह ईशान किशन को मौका दिया। 2024 में कैरेबियन में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के बाद जितेश भारत की टी20 टीम का हिस्सा रहे थे, लेकिन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल सके और वह अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए।

दूसरी ओर, ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए जोरदार वापसी की। करीब दो साल से भारतीय टीम से बाहर चल रहे किशन ने दमदार घरेलू सीजन के दम पर टीम में वापसी की और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मिले मौके को बेहतरीन प्रदर्शन के साथ सही साबित किया।

पिता की बीमारी के कारण रहे मुश्किल दौर में

जितेश शर्मा के लिए यह समय सिर्फ क्रिकेट के लिहाज से ही नहीं, बल्कि निजी जीवन के लिहाज से भी बेहद कठिन रहा। टी20 वर्ल्ड कप से चूकने का दुख उन्हें जरूर हुआ, लेकिन उसी दौरान उनके पिता गंभीर रूप से बीमार हो गए थे। दुखद बात यह रही कि 1 फरवरी को उनके पिता का निधन हो गया। इस मुश्किल समय में जितेश अपने पिता के साथ रहे और उनके आखिरी दिनों में उनकी देखभाल की। जितेश शर्मा ने इस पर बात करते हुए कहा कि “जब मुझे यह खबर मिली तो मैं थोड़ा निराश हुआ था। आखिर मैं भी इंसान हूं, इसलिए दुख और निराशा महसूस होना स्वाभाविक है। लेकिन समय के साथ और परिवार व दोस्तों के सहारे मैं उस दौर से बाहर आ सका।”

पिता के साथ रहना ज्यादा जरूरी लगा

जितेश शर्मा ने बताया कि उस समय उनके लिए अपने पिता के साथ रहना सबसे ज्यादा जरूरी था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का कोई अफसोस नहीं है कि वह वर्ल्ड कप नहीं खेल पाए। जितेश ने कहा- “मेरे पिता बीमार हो गए थे और 1 फरवरी को उनका निधन हो गया। उस दौरान मैं सात दिनों तक उनके साथ था। बाद में मुझे एहसास हुआ कि उस समय मेरे पिता को मेरी ज्यादा जरूरत थी, वर्ल्ड कप से भी ज्यादा। मुझे इस बात का कोई पछतावा नहीं है। मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मैं उनके आखिरी दिनों में उनके साथ रह सका और उनकी देखभाल कर सका।”

घर से देखा भारत की जीत का सफर

जितेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 घर से देखा। उन्होंने कहा कि मैदान पर खेलने से ज्यादा तनाव घर से मैच देखना होता है। उन्होंने कहा कि मैंने वर्ल्ड कप घर से देखा, जो खेलने से बिल्कुल अलग और ज्यादा तनाव भरा अनुभव होता है। लेकिन मुझे टीम के लिए बहुत खुशी है। खिलाड़ियों ने कोच, कप्तान और पूरी टीम के उस विजन को पूरा किया जो एशिया कप के बाद से बनाया गया था।

टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। भले ही जितेश शर्मा टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उन्होंने भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जताई और टीम को बधाई दी।

Navbharat Live
navbharatlive.com