

रांची: झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। पहले चरण में राज्य की 43 सीटों पर वोटिंग हो रही है। मतदान केन्द्रों पर लंबी लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं। आम नागरिक और सियासतदान से लेकर सेलिब्रिटी तक वोट करने पहुंच रहे हैं। जहां भारत के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मतदान किया है। उनके साथ उनकी पत्नी साक्षी ने भी मतदान किया।
झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान पर अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नेहा अरोड़ा ने कहा कि दोपहर एक बजे तक लगभग 46.25% मतदान हो चुका है। धोनी ने भी भारत के नागरिक होने का फर्ज निभाया है। साथ ही उनकी पत्नी ने भी मतदान किया है।
न्यूज एजेंसी ने महेंद्र सिंह धोनी के पोलिंग बूथ पर पहुंचने का वीडियो शेयर किया है। जिसमें उनके फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने रांची में एक पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। ज्ञात हो कि धोनी का घर रांची रिंग रोड पर है। ऐसे में उन्होंने और उनकी पत्नी ने वोट डालकर जागरूक नागरिक का संदेश दिया है।
जानकारी के लिए बता दें कि महेंद्र सिंद धोनी जल्द ही आईपीएल 2025 में देखने मिलने वाले हैं। वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अनकैप्ड खिलाड़ी के तौर पर खेलने वाले हैं। उन्हें चैन्नई ने 4 करोड़ रिटेन किया है। धोनी के फैंस काफी खुश हैं कि उन्हें एक बार फिर 2025 में धोनी को बल्लेबाजी करते देखने मिलेगा।
झारखंड की कुल 81 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। जिसके पहले चरण में 43 सीटों के लिए आज यानी बुधवार को वोटिंग की जा रही है तो वहीं, दूसरे और आखिरी में 38 सीटों के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। इस बार झारखंड की लड़ाई काफी दिलचस्प और रोमांचक मानी जा रही है। अब देखना अहम होगा कि इस बार यहां बाजी कौन मारेगा?