वर्ल्ड कप के 'धुरंधर' ईशान किशन बनेंगे कप्तान, IPL 2026 से पहले मिलने जा रही बड़ी जिम्मेदारी, कब होगा ऐलान?

Ishan Kishan SRH Captain 2026: सनराइजर्स हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस की उपलब्धता को लेकर संशय है, ऐसे में विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
Ishan Kishan Emerges as Frontrunner to Lead Sunrisers Hyderabad in IPL 2026
ईशान किशन (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Pat Cummins IPL Availability: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल 2026 में कप्तानी करते हुए नजर आ सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सनराइजर्स हैदराबाद उन्हें टीम का नया कप्तान बनाने पर विचार कर रही है। क्योंकि मौजूदा कप्तान पैट कमिंस के टीम से जुड़ने को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट अपडेट नहीं आया है। बताया जा रहा है कि फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट कप्तानी को लेकर ईशान किशन से बातचीत भी कर चुका है और उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए मजबूत विकल्प माना जा रहा है।

आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड

ईशान किशन पिछले कुछ महीनों से शानदार फॉर्म में हैं। वह हाल ही में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। आईपीएल में भी किशन ने कई विस्फोटक पारियां खेली हैं और विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 119 आईपीएल मैचों में 2998 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 29.10 और स्ट्राइक रेट 137.64 रहा है। किशन ने आईपीएल में 1 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 288 चौके और 134 छक्के जड़े हैं। वह मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस और सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं।

आईसीसी की विश्व कप टीम में भी जगह

रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या को ICC ने टीम ऑफ द टूर्नामेंट में भी शामिल किया गया। किशन इस टूर्नामेंट में 317 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने 193.29 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए टीम के शीर्ष क्रम को मजबूती दी। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने 77 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा सुपर-8 चरण में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम और फाइनल में न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अर्धशतक लगाए।

झारखंड को बनाया चैंपियन

करीब दो साल तक फिटनेस और उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं के कारण टीम से बाहर रहने के बाद किशन ने घरेलू क्रिकेट में शानदार वापसी की। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल में शतक लगाकर झारखंड को चैंपियन बनाया। पहली बार ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड ने दिसंबर 2025 में हरियाणा को 69 रन से हराकर यह खिताब जीता।

आईपीएल 2026 की शुरुआत

आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com