

ECB Likely To Appoint Stephen Fleming As Test Coach: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के अगले टेस्ट हेड कोच के रूप में न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग का नाम लगभग तय माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले दो हफ्तों में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के साथ हुई इंटरव्यू प्रक्रिया में फ्लेमिंग ने अधिकारियों को काफी प्रभावित किया है। अगर नियुक्ति पर अंतिम मुहर लगती है, तो 53 वर्षीय फ्लेमिंग इंग्लैंड की टेस्ट टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि उनके हमवतन और करीबी दोस्त ब्रेंडन मैकुलम सीमित ओवरों की टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे।
हाल ही में फ्लेमिंग ने चेन्नई सुपर किंग्स, जॉबर्ग सुपर किंग्स और टेक्सास सुपर किंग्स के मुख्य कोच पद से इस्तीफा दिया था। ये फैसला ऐसे समय आया जब सीएसके आईपीएल 2026 में 10 टीमों में आठवें स्थान पर रही। वहीं, इंग्लैंड के टेस्ट कोच पद से मैकुलम की विदाई के बाद फ्लेमिंग का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्लेमिंग दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले टीम से जुड़ सकते हैं। हालांकि, 19 अगस्त से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में अंतरिम कोच की जिम्मेदारी मार्कस ट्रेस्कोथिक संभाल सकते हैं।
फ्लेमिंग को इंग्लिश क्रिकेट का भी अच्छा अनुभव है। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने इंग्लैंड में 10 टेस्ट और 17 वनडे खेले, जबकि मिडिलसेक्स, यॉर्कशायर और नॉटिंघमशायर के लिए काउंटी क्रिकेट भी खेल चुके हैं। इसके अलावा, वह द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव के मुख्य कोच भी रह चुके हैं।
दिलचस्प बात ये है कि इसीबी ने फ्लेमिंग से पहली बार 2009 में भी संपर्क किया था, लेकिन उस समय उन्होंने ये जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया था। अब करीब 17 साल बाद उनके इंग्लैंड टेस्ट टीम के कोच बनने की संभावना मजबूत दिखाई दे रही है।
फ्लेमिंग की सबसे बड़ी ताकत उनकी ब्रेंडन मैकुलम के साथ गहरी समझ और लंबा साथ माना जा रहा है। दोनों ने न्यूजीलैंड के लिए साथ खेला, साथ ही क्रिकएचक्यू और क्वालिटी न्यूजीलैंड जैसी कंपनियों में भी साझेदारी की। मैकुलम कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि कप्तान के रूप में फ्लेमिंग की रणनीति और खिलाड़ियों को संभालने का तरीका उनके लिए हमेशा प्रेरणा रहा है।
अगर इसीबी आधिकारिक घोषणा करता है, तो इंग्लैंड की टेस्ट टीम को दो अनुभवी न्यूजीलैंड दिग्गजों ब्रेंडन मैकुलम और स्टीफन फ्लेमिंग की संयुक्त कोचिंग में नई दिशा मिलने की उम्मीद होगी।