IPL 2026 से पहले RCB की बढ़ी मुश्किलें, टीम को विजेता बनाने वाला खिलाड़ी होगा बाहर?

Hazlewood fitness report: जोश हेजलवुड की चोटों ने आरसीबी के लिए आईपीएल 2026 में खेलने पर संशय पैदा कर दिया है। हेजलवुड के नहीं रहने से टीम पर बड़ा असर पड़ सकता है।
Josh Hazlewood Injury
आरसीबी टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Josh Hazlewood Injury: आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी। जिसके लिए सभी टीमों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली है। इस टूर्नामेंट के आगाज से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लग सकता है। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के खेलने पर संशय बना हुआ है।

ऑस्ट्रेलिया के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटों के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं। एशेज और टी20 विश्व कप 2026 से बाहर रहने वाले हेजलवुड के फिटनेस को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, हैमस्ट्रिंग और अकिलीज टेंडन की चोटों से जूझ रहे हेजलवुड अभी भी फिजियो की निगरानी में हैं और मेडिकल टीम से खेलने पर अनुमति मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पूरी तरह फिट होने पर ही वह लीग का हिस्सा बन सकते हैं।

हेडलवुड के बिना गेंदबाजी में नहीं बचेगी धार

हेजलवुड अगर फिट नहीं होते हैं और आरसीबी के लिए उपलब्ध नहीं होते हैं तो फिर आईपीएल 2026 में टीम की गेंदबाजी कमजोर हो जाएगी। पिछले सीजन हेजलवुड आरसीबी के लिए बेहद अहम खिलाड़ी साबित हुए थे। उन्होंने 12 मैचों में 22 विकेट लेकर टीम को चैंपियन बनाने में बड़ा योगदान दिया था। टीम लीग के 18वें सीजन में पहली बार विजेता बनी थी।

एशेज और टी20 वर्ल्ड कप से रहे बाहर

हेजलवुड को नवंबर में न्यू साउथ वेल्स के लिए खेलते समय दाहिने हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। इसी वजह से वह एशेज के पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे। इसके बाद उन्हें अकिलीज टेंडन की नई चोट का सामना करना पड़ा। इस चोट ने उन्हें पूरे एशेज से बाहर कर दिया और फिर वह टी20 विश्व कप से भी बाहर रहे। जोश हेजलवुड का आईपीएल करियर भी अंतरराष्ट्रीय करियर की तरह चोटों की वजह से प्रभावित रहा है। हेजलवुड ने 39 आईपीएल मैचों में 57 विकेट लिए हैं।

28 मार्च को होगा आईपीएल 2026 का आगाज

आरसीबी आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ खेलेगी। मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है। इस बड़े मुकाबले में एसआरएच के कप्तान पैट कमिंस के खेलने पर भी संशय है। कमिंस भी रिकवरी की प्रकिया से गुजर रहे हैं। कमिंस की कप्तानी में एसआरएच ने अपने तूफानी खेल से एक बड़ा फैन बेस बनाया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com