

IPL 2026 Starting Date: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन की शुरुआत में दो दिन की देरी हो सकती है। पहले जहां टूर्नामेंट 26 मार्च से शुरू होने की जानकारी फ्रेंचाइज़ियों को दी गई थी। अब नई रिपोर्ट्स में 28 या 29 मार्च को संभावित नई तारीख बताया जा रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 मार्च से सीजन की शुरुआत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, अब तक इस बारे में बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दिसंबर में अबू धाबी में आयोजित नीलामी के दौरान फ्रेंचाइजियों को 26 मार्च से 31 मई तक की विंडो की जानकारी दी गई थी। सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती तारीख में बदलाव हो सकता है, लेकिन फाइनल की तारीख पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। फ्रेंचाइज़ियों को अब तक कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली है, हालांकि अनौपचारिक चर्चाओं में हल्की देरी की बात सामने आई है।
इस बार शेड्यूल में देरी की एक बड़ी वजह तमिलनाडु, केरल, असम और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव बताए जा रहे हैं। कोलकाता और चेन्नई जैसे शहर, जहां क्रमशः कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) अपने घरेलू मैच खेलते हैं, चुनावी कार्यक्रम से प्रभावित हो सकते हैं। असम की राजधानी गुवाहाटी, जो राजस्थान रॉयल्स का दूसरा घरेलू मैदान है, वहां भी चुनावी गतिविधियों का असर पड़ सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड का मूल प्लान चुनावी तारीखों की घोषणा के बाद पूरा शेड्यूल जारी करने का था। हालांकि, समय कम बचने और फ्रेंचाइज़ियों द्वारा स्पष्टता की मांग के चलते अब पहले आंशिक शेड्यूल जारी किया जा सकता है। 2019 लोकसभा चुनावों के दौरान भी इसी तरह का मॉडल अपनाया गया था।
सीज़न के उद्घाटन मैच की मेजबानी को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। परंपरा के अनुसार डिफेंडिंग चैंपियन पहला मैच होस्ट करता है, लेकिन इस बार बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को लेकर फ्रेंचाइज़ी, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और राज्य सरकार के बीच विवाद की खबरें हैं।
अगले सप्ताह आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद अधिकतर अहम फैसलों पर आधिकारिक मुहर लगने की उम्मीद है। इस बीच, बोर्ड ने ब्रॉडकास्टर और सभी 10 फ्रेंचाइज़ियों के साथ प्री-सीज़न प्रमोशनल रणनीति पर भी चर्चा की है, ताकि टूर्नामेंट से पहले फैंस की एंगेजमेंट को और मजबूत किया जा सके।