

CSK CEO opens up on MS Dhoni Rertirement: आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने प्रशंसकों को बड़ी खुशखबरी दी है। फ्रेंचाइजी के CEO काशी विश्वनाथन ने स्पष्ट कर दिया है कि टीम के महान पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आगामी सीज़न में खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। विश्वनाथन ने रिपोर्टरों के सवाल पर दो टूक कहा, “वह खेलेंगे, वह खेलेंगे।” इस बयान के साथ ही धोनी के संभावित संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर पूरी तरह विराम लग गया है।
धोनी आईपीएल की शुरुआत से ही CSK का चेहरा रहे हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच खिताब जीते, जो लीग इतिहास में संयुक्त रूप से सर्वाधिक हैं। हालांकि IPL 2024 से पहले उन्होंने कप्तानी छोड़कर यह जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी थी, लेकिन बतौर खिलाड़ी उनका योगदान अब भी टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
पिछला सीज़न CSK के लिए निराशाजनक रहा। टीम 14 में से केवल चार मुकाबले जीत सकी और अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही। यह लगातार दूसरा साल था जब चेन्नई प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही। ऐसे में IPL 2026 के लिए टीम ने बड़े बदलाव किए हैं।
फ्रेंचाइजी ने स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड किया, जिसमें सैम करन भी शामिल रहे। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन को टीम में शामिल कर CSK ने भविष्य की तैयारी के संकेत दिए हैं। अब टीम में धोनी, सैमसन, उर्विल पटेल और कार्तिक समेत चार विकेटकीपर-बल्लेबाज मौजूद हैं।
अबू धाबी में हुए IPL 2026 ऑक्शन में CSK ने राहुल चाहर, अकील होसेन, मैट हेनरी, मैथ्यू शॉर्ट, सरफराज खान, जैक फॉल्क्स, अमन खान, कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर सहित नौ खिलाड़ियों को साइन किया। खास बात यह रही कि अनकैप्ड खिलाड़ियों कार्तिक और प्रशांत पर 14.2 करोड़ रुपये प्रति खिलाड़ी खर्च किए गए।
हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी संकेत दिया कि टीम भविष्य को ध्यान में रखते हुए संतुलन बना रही है। उन्होंने कहा कि किसी समय धोनी आगे बढ़ेंगे, इसलिए बदलाव जरूरी है। फिलहाल, एक बात साफ हैIPL 2026 में “थाला” एक बार फिर पीली जर्सी में नजर आएंगे।