T20 World Cup 2026 के सेमीफाइनल से पहले बप्पा के शरण में पहुंचे भारतीय खिलाड़ी, जीत के लिए की प्रार्थना

T20 World Cup: भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल मुकाबले से पहले सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। जहां खिलाड़ियों ने गणपति बप्पा का दर्शन करते हुए जीत की प्रार्थना की।
Indian Players Visit Siddhivinayak Temple
भारतीय खिलाड़ी ने बप्पा का दर्शन करते हुए (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indian Players Visit Siddhivinayak Temple: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब मात्र तीन मुकाबले ही बचे है। दो सेमीफाइनल और एक फाइनल। नॉकआउट मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ी ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल गणपति बप्पा के दर्शन करने सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। उन्होंने भारतीय टीम की जीत की प्रार्थना की। भारत का सेमीफाइनल मुकाबला 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस विश्व कप की लगातार 3 पारियों में 'शून्य' पर आउट होने के बाद अभिषेक शर्मा ने साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 15 रन बनाए, जिसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की पारी खेली। इसके बाद वेस्टइंडीज के विरुद्ध 10 रन बनाए। फैंस को नॉकआउट मैच में इस सलामी बल्लेबाज से खासा उम्मीदें हैं।

इन खिलाड़ियों से भारतीय टीम को होगी उम्मीदें

दूसरी ओर ईशान किशन ने नामीबिया और पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद जिम्बाब्वे के विरुद्ध सुपर-8 मैच में 38 रन की पारी खेली थी। देश को उनसे आगामी मुकाबले में बड़ी पारी की आस है। अक्षर पटेल ने इस विश्व कप में यूएसए, नामीबिया और पाकिस्तान के विरुद्ध 2-2 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ 1 विकेट निकाला। उनसे न सिर्फ गेंदबाजी में, बल्कि बल्लेबाजी में भी फैंस को काफी उम्मीदें हैं।

भारत ने ऐसे कटाया सेमीफाइनल का टिकट

टीम इंडिया यूएसए, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ लगातार चार ग्रुप स्टेज मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंची, जहां साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 76 रन से शिकस्त झेलने के बाद भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से रौंदा। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर टीम इंडिया ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया है।

सुपर-8 में इंग्लैंड का शानदार प्रदर्शन

दूसरी ओर, नेपाल के खिलाफ 4 रन से जीत दर्ज करने के बाद इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के विरुद्ध हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इसके बाद इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड और इटली को शिकस्त देकर सुपर-8 के लिए क्वालीफाई किया, जहां श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

भारत और इंग्लैंड का वर्ल्ड कप में हेड टू हेड

भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 5 मैच खेले गए हैं, जिसमें भारत ने 3 मुकाबले अपने नाम किए। पिछले दो वर्ल्ड कप से, इंग्लैंड बनाम भारत सेमीफाइनल मुकाबले का विजेता ट्रॉफी अपने नाम करते आया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com