टूटा है एजबेस्टन का गुरूर, बर्मिंघम में 58 साल बाद पहली बार जीती टीम इंडिया

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे एंडरसन-तेंदुलकर सीरीज में भारतीय टीम ने एजबेस्टन में इंग्लैंड को हराकर सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है। अब अगला मुकाबला लॉर्ड्स में खेला जाएगा।
टूटा है एजबेस्टन का गुरूर, बर्मिंघम में 58 साल बाद पहली बार जीती टीम इंडिया
भारतीय टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

बर्मिंघम: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला भारतीय टीम ने 336 रनों से अपने नाम किया। यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला गया। भारत पहली बार इस ग्राउंड पर कोई टेस्ट मुकाबला जीतने में सफल रहा है। इससे पहले भारतीय टीम को इस मैदान 7 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा था। अब भारतीय टीम ने एजबेस्टन में जीत कर अंग्रेजों का गुरूर तोड़ दिया।

भारतीय टीम ने 58 साल में पहली बार ऐसा कारनामा किया है। भारत ने एजबेस्टन में पहला मुकाबला 1967 में खेला था। तब से लेकर भारतीय टीम जीत नहीं पाई थी। लेकिन इस मुकाबले को जीतकर यह रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने सीरीज को 1-1 से बराबरी कर लिया।

भारत की पहली पारी का हाल

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 587 रन बनाए। भारत के लिए पहली पारी में कप्तान शुभमन गिल ने 269 रनों की पारी खेली। इस दौरान गिल ने 30 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं उसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 87, रविंद्र जडेजा ने 89, वाशिंगटन सुंदर ने 42 और करुण नायर ने 31 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने 3, क्रिस वोक्स ने 2, जोश टंग ने 2 विकेट चटकाए।

इंग्लैंड को पहली पारी में 407 रनों पर समेटा

वहीं पहली पारी में इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि उसके बाद भी इंग्लैंड ने पहली पारी में 407 रन बनाए। इस दौरान जेमी स्मिथ ने नाबाद 184 रनों की पारी खेली। वहीं हैरी ब्रूक ने 158 रनों की पारी खेली। इस पारी में इंग्लैंड के 6 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। भारतीय टीम ने पहली पारी में 180 रनों की बढ़त हासिल की। वहीं पहली पारी में भारत के लिए गेंदबाजी करते हुए सिराज ने 6 और आकाश दीप ने 4 विकेट चटकाए।

दूसरी पारी में भी दिखा गिल का दम

दूसरी पारी में भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 427 रन बनाकर पारी को घोषित कर दिया। इस पारी में शुभमन गिल ने फिर से रिकॉर्ड पारी खेली। गिल ने 161 रनों की पारी खेली। उसके अलावा पंत ने 65, जडेजा ने 69, केएल राहुल ने 55 रनों की पारी खेली। वहीं पहली पारी में 180 रनों की बढ़त के साथ भारत का कुल स्कोर 607 रन हो गया। इंग्लैंड के लिए शोएब बशीर ने 2 और जोश टंग ने 2 विकेट चटकाए।

इंग्लैंड को मिला 608 रनों का लक्ष्य

608 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। जैक क्रॉली बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। उसके बाद बेन डकेट 25, ओली पोप 24 और रूट 6 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स ने कुछ रन बनाए। ब्रूक ने 23, स्टोक्स ने 33 रन बनाए। इस दौरान जेमी स्मिथ एक छोर पर खड़े रहे और अपना अर्धशतक पूरा किया। 88 रन बनाकर स्मिथ आउट हो गए। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 271 रन ही बना सकी। भारतीय टीम ने इस मुकाबले को 336 रनों से जीत लिया। भारत के लिए आकाश दीप ने 6 विकेट चटकाए। उसके अलाव सिराज को एक, प्रसिद्ध कृष्णा ने एक, जडेजा ने एक और सुंदर ने 1 विकेट चटकाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com