IND W vs AUS W: भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया में जीती दूसरी टी20 सीरीज, आखिरी मुकाबले में 17 रनों से हराया

India Women won by 17 runs: भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 में 17 रनों से जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सीरीज को 2-1 से जीत लिया है।
INDIAN WOMENS TEAM (4)
Published on
Updated on

Australia Women vs India Women, 3rd T20I: भारत महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के बीच खेले जा रहे तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में भारतीय टीम ने 17 रनों से जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया में दूसरी बार टी20 सीरीज जीतने में कामयाब रही है। इससे पहले भारतीय महिला टीम ने 2015-16 में ऑस्ट्रेलिया में टी20 सीरीज जीती थी।

एडिलेड में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 19 के स्कोर पर टीम को पहला झटका शेफाली वर्मा के रूप में लगा। शेफाली 7 रन बनाकर आउट हुईं। जिसके बाद स्मृति मंधाना और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आई जेमिमा रोड्रिग्स ने दूसरे विकेट के लिए 82 गेंदों पर 121 रन की साझेदारी की।

मंधाना की ताबड़तोड़ पारी

इस दौरान मंधाना ने अपना अर्धशतक पूरा किया। शतक की ओर तेजी से बढ़ रही मंधाना 82 रन बनाकर आउट हुईं। 55 गेंदों की पारी में मंधाना ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। जेमिमा रोड्रिग्स 46 गेंद पर 4 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुईं। विकेटकीपर ऋचा घोष ने 7 गेंद पर 18 रन की तेज पारी खेली। पारी की आखिरी 2 गेंदों पर 2 विकेट रन आउट के रूप में गिरे। कप्तान हरमनप्रीत कौर 2 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 176 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से एनाबेल सदरलैंड ने 2, जबकि किम गार्थ और सोफी मोएलिक्स ने 1-1 विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत

जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी खराब रही। 19 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका लगा। जॉर्जिया वॉल 10 रन बनाकर आउट हो गई है। वहीं बेथ मूनी भी 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। एलिस पेरी 1 रन बनाकर आउट हो गई। 32 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट गंवा दिए।

उसके बाद फीबी लिचफील्ड और एश्ले गार्डनर ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन 26 के स्कोर पर लिचफील्ड पवेलियन लौट गई। उसके बाद जॉर्जिया वेयरहम ने 12, अन्नाबेल सदरलैंड ने 14 रन बनाए। वहीं एश्ले गार्डनर एक छोर पर टिकी रही और अपना अर्धशतक पूरा किया। वो 57 रन बनाकर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। भारत के लिए श्रेयांका पाटिल ने 3, श्री चरणी ने 3, अरुंधति रेड्डी ने 2 और रेणुका सिंह ठाकुर ने 1 विकेट चटकाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com