BCCI ने वनडे सीरीज का किया ऐलान, वर्ल्ड कप से पहले इस टीम से भिड़ेंगी भारत की बेटियां

बीसीसीआई ने महिला वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के तहत एक अहम सीरीज़ की घोषणा की है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम सितंबर में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी।
BCCI ने वनडे सीरीज का किया ऐलान, वर्ल्ड कप से पहले इस टीम से भिड़ेंगी भारत की बेटियां
स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

मुंबई: भारत में इस साल महिला वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा। उससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के भारत दौरे के लिए कार्यक्रम की घोषणा की। इस सीरीज के तीनों मैच चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले जाएंगे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया की वनडे सीरीज की शुरुआत 14 सितंबर से होगी। उसके बाद दूसरा वनडे मुकाबला 17 सितंबर को और तीसरा मुकाबला 20 सितंबर को खेला जाएगा। यह सीरीज वर्ल्ड कप से पहले खेला जा रहा है। हालांकि वर्ल्ड कप का आधिकारिक कार्यक्रम अभी तक घोषित नहीं किया गया है, लेकिन इसके 29 सितंबर के आसपास शुरू होने की उम्मीद है।

18 साल बाद चेन्नई का स्टेडियम करेगा महिला क्रिकेट की मेजबानी

चेपक स्टेडियम 18 साल बाद पहली बार एक महिला वनडे मैच की मेजबानी कर रहा है। पिछली बार यहां 18 साल पहले एक सीरीज हुई थी, जिसमें भारत, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीमें शामिल थीं। उस सीरीज को ऑस्ट्रेलिया ने जीता था और भारत अपनी ही जमीन पर आखिरी यानी चौथे स्थान पर रहा था।

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम का पलड़ा अभी तक भारी रहा है। पिछली बार भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलिया महिला टीम के वनडे सीरीज हुआ था तब ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को वाइटवॉश कर दिया था। अब भारतीय महिला टीम अपने घर में शानदार प्रदर्शन करके ऑस्ट्रेलिया से जीतने की कोशिश करेगी और वर्ल्ड कप से पहले अपना मनोबल भी मजबूत करने के इरादे से उतरेगी।

इस साल अच्छा रहा है भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन

ऑस्ट्रेलिया से शिकस्त झेलने के बाद भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इस साल में भारतीय टीम ने आयरलैंड को हराकर जीत के साथ शुरुआत की। उसके बाद श्रीलंका में ट्राई सीरीज का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर यह ट्रॉफी अपने नाम की।

भारतीय महिला टीम करेगी इंग्लैंड का दौरा

अब भारतीय महिला टीम अगले महीने इंग्लैंड का दौरा करने वाली है। जहां भारत को पांच टी20 और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। यह सीरीज वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए काफी महत्वपूर्ण है। महिला वर्ल्ड कप के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका ने विश्व कप में सीधे प्रवेश प्राप्त किया था, जबकि बांग्लादेश और पाकिस्तान इस साल की शुरुआत में क्वालीफाइंग इवेंट में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद वहां पहुंचे थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com