

Australia Women vs India Women, 1st T20I: भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है। इस दौरे पर भारतीय महिला टीम को तीन टी20, तीन वनडे और एकमात्र टेस्ट मैच की सीरीज खेलनी है। जिसकी शुरुआत आज 15 फरवरी को टी20 सीरीज से हो गई है। टी20 सीरीज का पहला मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। जिसमें भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 133 रनों पर समेट दिया।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम को 22 के स्कोर पर पहला और 27 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। बेथ मूनी 5 और जॉर्जिया वॉल 18 रन बनाकर आउट हुईं। तीसरे विकेट के लिए फोएबे लिचफिल्ड और एलिसे पेरी के बीच 41 रन की साझेदारी हुई।
इस समय ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया बड़े स्कोर की तरफ जाएगी, लेकिन 68 के स्कोर पर पेरी (20 रन) का विकेट गिरने के बाद फिर विकेटों के लगातार गिरने का सिलसिला जारी रहा। पूरी टीम 18 ओवर में 133 रन पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी 5 विकेट मात्र 12 रन के अंदर गंवा दिए। लिचफील्ड 26 और जॉर्जिया वॉरहेम 30 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर रहीं।
भारत की तरफ से दाएं हाथ की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 133 पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। रेड्डी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा, रेणुका ठाकुर ने 4 ओवर में 14 रन देकर 2, एन. चरणी ने 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट लिए। क्रांति गौड़ और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला। श्रेयांका पाटिल एकमात्र गेंदबाज रहीं जिन्हें विकेट नहीं मिला।
भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा अगर मजबूत शुरुआत दिलाने में सफल रहीं, तो टीम यह मैच आसानी से जीत सकती है और सीरीज में बढ़त बना सकती है। अब देखना होगा कि भारतीय महिला टीम बल्लेबाजी में कैसा प्रदर्शन करती है।
भारतीय महिला टीम: स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (c), ऋचा घोष (w), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर
ऑस्ट्रेलिया महिला टीम: बेथ मूनी (w), जॉर्जिया वॉल, फोएबे लिचफील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहम, एनाबेल सदरलैंड, निकोला कैरी, सोफी मोलिनक्स (c), किम गार्थ, डार्सी ब्राउन