IND vs PAK: इधर शुरू भी नहीं हुआ मुकाबला...उधर भारत ने दे दी मात, इंडिया A महिला टीम ने पाकिस्तान को पटका

India A Women vs Pakistan A Women: विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स में भारत ए ने पाकिस्तान ए को 8 विकेट से हराया। वृंदा दिनेश की 55 रन पारी से 10.1 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
Women's Asia Cup Rising Stars 2026
भारत ए की महिला टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Women's Asia Cup Rising Stars 2026: विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत ए की महिला टीम ने पाकिस्तान ए की महिला टीम को 8 विकेट से हराकर पहली जीत हासिल कर ली है। भारतीय टीम को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ भारत की शेरनियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल कर ली। आज टी20 वर्ल्ड कप में पुरुषों में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। हालांकि, इस मुकाबले से पहले भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को पटखनी दे दी है।

बैंकॉक में खेले जा रहे विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के छठे मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ए की महिला टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। युसरा आमिर 1 रन बनाकर आउट हो गई। उसके बाद ओमैमा सोहेल भी 1 रन बनाकर चलते बनी।

शवाल जुल्फिकार रही सर्वश्रेष्ठ स्कोरर

तीसरा विकेट 19 के स्कोर पर गिरा। इमान नसीर 4 रन बनाकर आउट हो गई। 21 के स्कोर पर हफ्सा खालिद भी आउट हो गई। जबकि हुरैना सज्जाद 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इसके बाद पाकिस्तान की ओपनर बैटर शवाल जुल्फिकार भी 23 रन बनाकर आउट हो गई। 41 के स्कोर पर छठा झटका लगा। यहां से पारी को गुल रुख और अनोशा नसीर ने संभाला। गुल रुख 21 और अनोशा 17 रन बनाकर आउट हुई। इन दोनों के बदौलत पाकिस्तान ए की महिला टीम सभी विकेट खोकर 93 रन बना सकी। भारत के लिए गेंदबाजी करते हुए साइमा ठाकुर ने 2, प्रेमा रावत ने 2, राधा यादव ने 2, मिन्नु मणि ने 1 और जिंतीमानी कलिता ने 1 विकेट चटकाए।

10.1 ओवर में ही जीता भारत

जवाब में इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय ए महिला टीम ने मात्र 10.1 ओवरों में ही मुकाबले को जीत लिया। हालांकि, हुमैरा काजी बिना खाता खोले ही आउट हो गई। उसके बाद वृंदा दिनेश और अनुष्का शर्मा के बीच दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी करके जीत लगभग सुनिश्चित कर दी। अनुष्का शर्मा 24 रन बनाकर आउट हो गई।

उसके बाद वृंदा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। अंत में तेजल हसबनीस ने नाबाद 12 रनों का योगदान देकर मुकाबले को जीत लिया। वृंदा दिनेश ने 29 गेंदों 12 चौके के सहारे नाबाद 55 रनों की पारी खेली है। इस जीत के साथ भारतीय ए महिला टीम दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। वहीं पाकिस्तान के लिए वहीदा अख्तर ने 1 और मोमिना रियासत ने 1 विकेट चटकाए।

Navbharat Live
navbharatlive.com