

स्पोर्ट्स डेस्क, नवभारत: भारत और बांग्लादेश के बीच 19 सितंबर से टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इस सीरीज में दो मुकाबले खेले जाने वाले हैं और सभी मैच भारत में होंगे। लेकिन अब इस सीरीज को बॉयकॉट करने की मांग उठ रही है। सोशल मीडिया पर हैशटैग ट्रेंड कर रहा है। जिसमें लिखा है बांग्लादेश के साथ क्रिकेट नहीं होना चाहिए।
दरअसल, भारत के हालात ठीक नहीं हैं, देश में काफी तनाव की स्थिति बनी हुई है। लगातार हो रही हिंसा की वजह से बांग्लादेश की स्थिति काफी बिगड़ी हुई है। वहां पर हिंदुओं पर लगातार हमले हो रहे हैं, जिसकी वजह अब हिंदू महासभा ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज को लेकर विरोध दर्ज करवाया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बॉयकॉट बांग्लादेश ट्रेंड कर रहा है। कई यूजर्स ने बीसीसीआई और जय शाह को पोस्ट में टैग भी किया है और भारत-बांग्लादेश टेस्ट सीरीज ना कराने की मांग की है। लगातार इस हैशटैग के साथ लोग एक्स पर पोस्ट कर रहे हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जानी वाली टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान नहीं हुआ है। इस समय भारत के कई स्टार खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी 2024 में खेल रहे हैं। ऐसे में बीसीसीआई इस घरेलू टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टीम का सिलेक्शन करने के विचार में है। इस टेस्ट सीरीज में ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में वापसी हो सकती है।
ज्ञात हो कि इस समय बांग्लादेश काफी आत्मविश्वास से भरी हुई है। हाल ही में हुए पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश ने शानदार खेल दिखाते हुए पाक टीम को करारी मात दी। दो मैचों की सीरीज में बांग्लादेश की टीम ने पाकिस्तान का उसके ही घर में सूपड़ा साफ किया। जिसके बाद अब टीम की नजर भारत पर है। इस सीरीज का पहला मैच 19 सितंबर को चेन्नई में खेला जाना है।