IND vs PAK: दो बदलाव के साथ उतरी भारतीय टीम, पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का किया फैसला

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए नजर आएगी। भारत ने दो बदलाव किए हैं।
India vs Pakistan, 27th Match
भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो-सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

India vs Pakistan, 27th Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। श्रीलंका के कोलंबो में खेले जा रहे मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता मिला है।

टीम इंडिया ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। संजू सैमसन के स्थान पर अभिषेक शर्मा की वापसी हुई है, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव को मौका दिया गया है। दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम में कोई बदलाव नहीं है। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक कुल 8 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा है। भारत ने इस दौरान 7 मुकाबले अपने नाम किए हैं, जबकि पाकिस्तान ने साल 2021 में इकलौता मैच जीता था।

टी20 में हेड टू हेड रिकॉर्ड

दोनों देशों के बीच टी20 इतिहास में अब तक कुल 16 मैच खेले गए हैं, जिसमें 12 मुकाबले भारत ने जीते। 3 मैच पाकिस्तान के नाम रहे हैं। भारत ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में अब तक 15 टी20 मैच खेले, जिसमें 11 जीते। सिर्फ 4 ही मैच भारत ने इस मैदान पर गंवाए हैं। टीम इंडिया ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2012 में यहां 5 मैच खेले थे, जिसमें 4 जीते, जो एकमात्र हार मिली, वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ थी।

स्पिनर्स को मिलेगी मदद

भारत-पाकिस्तान के बीच इस मुकाबले के दौरान बारिश की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि यहां स्पिनर्स को काफी मदद मिल सकती है। प्रेमदासा स्टेडियम स्पिनर्स के लिए स्वर्ग माना जाता है। यहां स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। ऐसे में आज दोनों टीमें स्पिन टू विन मंत्रा के साथ उतरी है।

दोनों टीमों ने जीते है दो-दो मुकाबले

भारतीय टीम फिलहाल ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर मौजूद है। टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में यूएसए के खिलाफ 29 रन से जीत दर्ज की थी। इसके बाद नामीबिया के विरुद्ध 93 रन से मुकाबला अपने नाम किया। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने नीदरलैंड के विरुद्ध अपना पहला मैच 3 विकेट से जीता, जिसके बाद अगले मुकाबले में यूएसए को 32 रन से हराया। यह टीम ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है।

महामुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

पाकिस्तान: सैम अयूब, साहिबज़ादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद नवाज़, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेट कीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com