

आज के मैच में इंडिया ए ने जड़े 31 छक्के।
लिस्ट-ए इतिहास में बना दिया दूसरा बड़ा रिकॉर्ड।
अभी तक बिहार के नाम है 38 छक्कों का रिकॉर्ड।
वनडे मैचों में इंग्लैंड टीम ने लगाए हैं 26 छक्के।
India A 31 sixes Record: क्रिकेट के मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात का सिलसिला लगातार नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। इसी कड़ी में इंडिया ए की टीम ने किसी 'लिस्ट ए' वनडे मुकाबले की एक पारी में 31 छक्के लगाकर बड़ा इतिहास रच दिया है।
यह पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा एक पारी में लगाए गए छक्कों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। इंडिया ए के बल्लेबाजों की इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने पुराने कई रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया है।
लिस्ट- ए क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड आज भी बिहार की टीम के नाम दर्ज है। 24 दिसंबर 2025 को रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में विजय हजारे ट्रॉफी (प्ले-ग्रुप) के मुकाबले में बिहार ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 50 ओवर में 6 विकेट पर 574 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
यह पुरुष लिस्ट-ए इतिहास का सबसे बड़ा टीम स्कोर है। इस मुकाबले में बिहार ने 397 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी और पूरी पारी में कुल 38 छक्के व 49 चौके यानी कुल 87 बाउंड्री लगाई थीं।
बिहार के उस ऐतिहासिक मुकाबले में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का बल्ला जमकर गरजा था। बिहार की ओर से लगे कुल 38 छक्कों में से अकेले 15 छक्के वैभव सूर्यवंशी ने जड़े थे। इसी पारी के दौरान वैभव ने महज 14 साल और 272 दिन की उम्र में शतक लगाकर पुरुष लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र के शतकवीर बनने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।
अगर अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट की बात करें तो एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लैंड ने 17 जून 2022 को नीदरलैंड के खिलाफ 498/4 के स्कोर के दौरान 26 छक्के जड़े थे। खास बात यह है कि वनडे में एक पारी में सर्वाधिक छक्कों के टॉप-3 रिकॉर्ड इंग्लैंड के ही नाम दर्ज हैं।
वनडे की एक पारी में सर्वाधिक छक्कों के टॉप-3 रिकॉर्ड (26, 25 और 24 छक्के) इंग्लैंड के नाम दर्ज होने के बाद वेस्टइंडीज का नाम आता है। 23 छक्के के साथ वेस्टइंडीज चौथे स्थान पर है। वेस्टइंडीज ने 20 फरवरी 2019 को ब्रिजटाउन (केंसिंग्टन ओवल) में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे पारी में 23 छक्के लगाए थे।