

शाई होप ने 50 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए, वेस्टइंडीज ने 247/3 का स्कोर खड़ा किया।
संजू सैमसन ने 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और 23 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए।
भारत ने 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए महज तीन ओवर में 50 रन पूरे किए।
Sanju Samson Record: भारत और वेस्टइंडीज के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टी20 मुकाबले में रनों की बारिश देखने को मिल रही है। वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप के तूफानी शतक की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाए और भारत के सामने 248 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने भी आक्रामक शुरुआत की। संजू सैमसन ने महज 20 गेंदों में अर्धशतक जड़कर कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
248 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। भारत ने महज 3 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए। यह टी20 इंटरनेशनल में भारत की सबसे तेज टीम फिफ्टी बताई जा रही है। इससे पहले भारत ने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ 3.1 ओवर में 50 रन पूरे किए थे।
जीत के लिए मिले 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने पारी का दूसरा ओवर करने आए शमर जोसेफ के खिलाफ 2 छक्के और एक चौका जड़ा।
उन्होंने रोस्टन चेज के ओवर में भी 2 चौके और 2 छक्के लगाए। सैमसन ने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए वह 23 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हो गए।
सैमसन अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या और विराट कोहली की सूची में जगह बना ली है।
76 (22 गेंद):* अभिषेक शर्मा बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली, 2026
58 (21 गेंद):* अभिषेक शर्मा बनाम इंग्लैंड, मुंबई, 2025
56 (21 गेंद):* ईशान किशन बनाम न्यूजीलैंड, रायपुर, 2026
56 (23 गेंद): संजू सैमसन बनाम वेस्टइंडीज, हैदराबाद, 2026
54 (19 गेंद): अभिषेक शर्मा बनाम वेस्टइंडीज, इंदौर, 2026
इससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 50 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। इस शतक के साथ होप टी20 इंटरनेशनल में तीन शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के पहले बल्लेबाज बने।
वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 247 रन बनाकर भारत के सामने 248 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। इस मुकाबले में जीत हासिल करने वाली टीम सीरीज में अहम बढ़त हासिल कर सकती है।