IND vs NZ: भारत ने टी20I में बनाया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर, न्यूजीलैंड के सामने रखा विशाल लक्ष्य

IND vs NZ: भारतीय टीम ने पांचवें टी20 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 271 रनों का स्कोर खड़ा किया। यह भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ यह भारत का सबसे बड़ा स्कोर है।
India vs New Zealand, 5th T20I
सूर्या और ईशान (फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

India vs New Zealand, 5th T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपना तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। वहीं यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए।

टीम इंडिया 12 अक्टूबर 2024 को बांग्लादेश के विरुद्ध हैदराबाद में 297/6 का स्कोर बना चुकी थी। वहीं, 15 नवंबर 2024 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 1 विकेट खोकर 283 रन बनाए थे। वहीं आज के मुकाबले में भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन बनाए। फुल मेंबर टीमों में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 304 रन बनाया था।

फुल मेंबर टीमों में सबसे ज्यादा एक पारी में रन बनाने वाली टीम

क्रमांक स्कोर (रन/विकेट) टीम 1 टीम 2 जगह वर्ष
1 304/2 इंग्लैंड साउथ अफ्रीका मैनचेस्टर 2025
2 297/6 भारत बांग्लादेश हैदराबाद 2024
3 283/1 भारत साउथ अफ्रीका जोहांसबर्ग 2024
4 278/3 अफ़गानिस्तान आयरलैंड देहरादून 2019
5 271/5 भारत न्यूजीलैंड तिरुवनंतपुरम* 2026

शनिवार को ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला लिया। संजू सैमसन (6) ने अभिषेक शर्मा (30) के साथ 2.5 ओवरों में 31 रन की साझेदारी करते हुए संकेत दे दिया था कि कप्तान का फैसला एकदम सही था, लेकिन टीम ने 48 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया।

ईशान और सूर्या की शतकीय साझेदारी

यहां से ईशान किशन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ तीसरे विकेट के लिए 57 गेंदों में 137 रन की साझेदारी करते हुए भारत को विशाल स्कोर की ओर पहुंचा दिया। ईशान ने भारतीय पारी के 12वें ओवर में 6 बाउंड्री लगाईं। 2 छक्कों, 4 चौकों और एक वाइड के साथ टीम इंडिया ने इस ओवर से कुल 29 रन बटोरे।

ईशान किशन का पहला शतक

दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव ने ईशान किशन का भरपूर साथ दिया। उन्होंने तूफानी पारी खेलते हुए महज 1,822 गेंदों में 3 हजार टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए। वह गेंदों के लिहाज से सबसे तेज तीन हजारी बने। ईशान 43 गेंदों में 103 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी इस पारी में 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे, जबकि कप्तान सूर्या ने 30 गेंदों में 6 छक्कों और 4 चौकों के साथ 63 रन जुटाए। हार्दिक पंड्या पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जिन्होंने अंतिम ओवरों में आक्रामक अंदाज दिखाते हुए 17 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके के साथ 42 रन बनाए।

मेहमान टीम की तरफ से लॉकी फर्ग्यूसन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि जैकब डफी ने 4 ओवरों में 53 रन देकर 1 विकेट निकाला। कप्तान मिचेल सेंटनर ने इतने ही ओवरों में 60 रन लुटाए और महज 1 विकेट हासिल किया। काइल जैमीसन ने 59 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

टीम इंडिया शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर टी20 सीरीज पर कब्जा कर चुकी थी, जिसके बाद न्यूजीलैंड ने चौथे मैच को जीतकर अपनी लाज बचाई। अब भारत की कोशिश पांचवें मुकाबले को जीतकर सीरीज 4-1 से अपने नाम करने की होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com