IND vs NZ: क्राइस्टचर्च में लड़खड़ाई टीम इंडिया, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 116 रन पर गंवाए 6 विकेट

IND vs NZ 2nd Test: क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन स्टंप्स तक भारत 6 विकेट पर 116 रन बनाकर मुश्किल में है। टीम इंडिया कीवी टीम के 356 रनों से अभी भी 240 रन पीछे है।
ind vs nz
भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट सोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • न्यूजीलैंड पहली पारी में 356 रन पर सिमटी।

  • स्टंप्स तक भारत ने 116 रन पर 6 विकेट गंवाए।

  • दिन की आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर 10 रन पर आउट हुए।

  • ध्रुव जुरेल (7) क्रीज पर हैं, भारत अभी भी 240 रन पीछे है।

India vs New Zealand Christchurch Test: क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर  न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजी बुरी तरह लड़खड़ा गई। शनिवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रनों पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने स्टंप्स तक महज 116 रन पर अपने 6 कीमती विकेट गंवा दिए हैं।

दिन की आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर (10) के आउट होने से भारत को बड़ा झटका लगा। फिलहाल ध्रुव जुरेल (7 रन) क्रीज पर मौजूद हैं और भारतीय टीम पहली पारी के आधार पर अभी भी 240 रन पीछे है।

खराब शुरुआत के बाद बिखरी भारतीय पारी

दरअसल, पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए और भारत को शून्य के स्कोर पर पहला झटका लगा। इसके बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालने की कोशिश की और दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। हालांकि, पडिक्कल 20 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए।

ind vs nz
न्यूजीलैंड की धरती पर आकाश दीप का धमाका, 'पंजा' खोलकर जहीर खान के खास क्लब में मारी एंट्री; भुवनेश्वर की...

मध्यक्रम भी नहीं टिका, 100 के पार गिर गए 6 विकेट

पडिक्कल के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 17 रन बनाकर 59 के कुल स्कोर पर चलते बने। इसके बाद केएल राहुल और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए 74 गेंदों में 37 रनों की साझेदारी की, लेकिन 96 के स्कोर पर पंत (23 रन, 39 गेंद) भी आउट हो गए।

दूसरी तरफ एक छोर संभालकर खड़े अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल के सब्र का बांध भी आखिरकार टूट गया। 80 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद राहुल 105 के टीम स्कोर पर जैकब डफी का शिकार बने। दिन का खेल खत्म होने की कगार पर था कि आखिरी गेंद पर नाथन स्मिथ ने वॉशिंगटन सुंदर (10) को आउट कर भारत की मुश्किलें और बढ़ा दीं।

ब्लंडेल की दमदार पारी, न्यूजीलैंड ने बनाए 356 रन

इससे पहले सुबह न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 246/5 के स्कोर से आगे बढ़ाई। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स (36) को अंशुल कंबोज ने जल्द ही विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। हालांकि, दूसरे छोर पर टॉम ब्लंडेल डटे रहे। उन्होंने 211 गेंदों का सामना करते हुए 89 रनों की शानदार पारी खेली, हालांकि वह अपने शतक से चूक गए।

कीवी टीम के निचले क्रम को समेटने में भारतीय गेंदबाजों को काफी पसीना बहाना पड़ा। नाथन स्मिथ (26), काइल जैमीसन (19) और मैट हेनरी (19) के उपयोगी योगदान की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम 356 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

ind vs nz
क्राइस्टचर्च में ऋषभ पंत का ऐतिहासिक कमाल, बेन स्टोक्स का बड़ा रिकॉर्ड ध्वस्त कर बने WTC के सिक्सर किंग

आकाशदीप का 'पंजा', कंबोज और बरार को दो-दो सफलता

भारत की ओर से तेज गेंदबाज आकाशदीप सबसे सफल रहे, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। उनके अलावा अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार ने 2-2 विकेट अपने नाम किए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर के खाते में एक सफलता आई। अब तीसरे दिन भारत पर फॉलोऑन बचाने और न्यूजीलैंड की बढ़त को कम करने की बड़ी चुनौती होगी।