

IND vs AFG 1st Test Toss Update: भारत और अफगानिस्तान के बीच आज यानी शनिवार 6 जून से एकमात्र टेस्ट मुकाबला मुल्लांपुर में शुरू हो गया है। इस दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। यह मैच सुबह 9:30 बजे से शुरू हुआ और दोनों टीमों के लिए अहम माना जा रहा है।
इस मैच में युवा स्पिनर मानव सुथार ने भारतीय टेस्ट टीम के लिए डेब्यू किया। गौरतलब है कि टीम मैनेजमेंट ने अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले के लिए कई वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम देते हुए युवा प्रतिभाओं को मौका देने का फैसला किया था। अगर मानव सुथार की बात करें तो उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन किया। जिसका नतीजा ये रहा कि वो भारत की नेशनल टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
भारत और अफगानिस्तान के बीच खेला जा रहा यह टेस्ट मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है। ऐसे में टीम इंडिया इसे आगामी चुनौतियों की तैयारी के तौर पर देख रही है। भारत को जल्द ही श्रीलंका का दौरा करना है, जहां स्पिन गेंदबाजों की भूमिका काफी अहम रहने वाली है।
इस मुकाबले के लिए जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का शानदार अवसर है। घरेलू क्रिकेट में एक सीजन में 69 विकेट लेने वाले हर्ष दुबे भी चर्चा में हैं और भारतीय स्पिन आक्रमण को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभा सकते हैं। वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव के साथ युवा स्पिनरों के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
भारतीय क्रिकेट टीम: KL राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेट कीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर ज़ज़ई (विकेट कीपर), अज़मतुल्लाह उमरज़ई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खरोटे, ज़ियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।