IND vs AFG: शुभमन गिल ने रचा इतिहास, वनडे में 3000 रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए पहले वनडे मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। गिल वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
Shubhman Gill
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

IND vs AFG Shubman Gill Creates History: भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में शानदार नाबाद 84 रन बनाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। गिल ने सिर्फ 62 पारियों में 3000 वनडे रन पूरे करते हुए शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ दिया और इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए। वहीं, वनडे इतिहास में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

इस सूची में शीर्ष स्थान दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज हाशिम अमला के नाम है, जिन्होंने केवल 57 पारियों में 3000 रन पूरे किए थे। गिल ने इस उपलब्धि के साथ बाबर आजम, विवियन रिचर्ड्स और गैरी कर्स्टन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है।

टीम इंडिया ने 7 विकेट से दर्ज की जीत

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की। धर्मशाला में बारिश से प्रभावित इस मैच को 25-25 ओवर का कर दिया गया था, जिसमें अफगानिस्तान ने भारत के सामने 195 रनों का लक्ष्य रखा था। भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 22.5 ओवर में हासिल कर लिया।

शिखर धवन का रिकॉर्ड टूटा

इससे पहले भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन के नाम था, जिन्होंने 72 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। शुभमन गिल ने धवन का रिकॉर्ड 10 पारियां पहले ही तोड़ दिया।

भारत के लिए सबसे तेज 3000 वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • शुभमन गिल – 62 पारियां
  • शिखर धवन – 72 पारियां
  • विराट कोहली – 75 पारियां
  • केएल राहुल – 78 पारियां
  • नवजोत सिंह सिद्धू – 79 पारियां

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शुभमन गिल ने कहा कि टीम इस मुकाबले को टी20 मैच की तरह देख रही थी। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान ने शुरुआती झटकों के बाद शानदार वापसी की और रहमानुल्लाह गुरबाज की शतकीय पारी ने मैच को चुनौतीपूर्ण बना दिया था।

गिल ने कहा, "मुझे लगता है कि हमने बीच के ओवरों और डेथ ओवरों में शानदार वापसी की, जिसने मैच का रुख बदल दिया। यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा विकेट था और खिलाड़ियों ने परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल किया।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com