

स्पोर्ट्स डेस्क: बिहार के राजगीर में नए हॉकी स्टेडियम का निर्माण किया गया है। इस नवर्मित स्टेडियम में 11 से 20 नवंबर तक होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस दौरान 18 सदस्यीय दल की घोषणा की गई है। जिसमें सलीमा टेटे को कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं टीम का उपकप्तान नवनीत कौर को बनाया गया है। पिछले चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम विजेता रही थी। उसके बाद से टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है।
इस चैंपियंस ट्रॉफी में ओलंपिक में सिल्वर मेडल विजेता चीन, जापान, मलेशिया, याईलैंड और कोरिया सहित अन्य पांच देश शामिल हैं। भारत का मुकाबला 11 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ होगा। इस टीम के कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि एक और बड़े टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करना एक शानदार एहसास है। हम गत चैम्पियन के रूप में टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। यह इसे और भी खास बनाता है। उन्होंने कहा कि हम इसके लिए कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं।
हमारे पास अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के साथ एक मजबूत टीम है। हमारा लक्ष्य अपने खिताब की रक्षा करना और उसी जुनून और दृढ़ संकल्प के साथ खेलना है जो हमने पिछले साल दिखाया था।'' टीम में गोलकीपर की भूमिका अनुभवी सविता और उभरती प्रतिभा बिचू देवी खारीबाम साझा करेंगी।
भारतीय उपकप्तान नवनीत ने कहा कि हमें अपनी तैयारी और एक दूसरे के साथ पर भरोसा है। अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलना उत्साहजनक है और हम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों से सामना करने को तैयार हैं। सलीमा टेटे के साथ खेलने का अनुभव अच्छा रहा है। हम इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने की पूरी कोशिश करेंगे।
गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम।
डिफेंडर: उदिता, ज्योति, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी।
मिडफील्डर: नेहा, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, मनीषा चौहान, सुनेलिता टोप्पो, लालरेम्सियामी।
फॉरवर्ड: नवनीत कौर, प्रीति दुबे, संगीता कुमारी, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग।