SMAT 2025: हर्ष दुबे संभालेंगे विदर्भ का कमान, उमेश यादव की एक साल बाद हुई टीम में वापसी

Vidarbha Team for SMAT: सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के लिए विदर्भ टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव को शामिल किया गया है।
SMAT 2025: हर्ष दुबे संभालेंगे विदर्भ का कमान, उमेश यादव की एक साल बाद हुई टीम में वापसी
हर्ष दुबे (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Harsh Dubey To Lead Vidarbha: भारत के घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए विदर्भ की टीम का ऐलान कर दिया गया है। दोहा में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर हर्ष दुबे को विदर्भ की टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। वो 26 नवंबर से आठ दिसंबर तक लखनऊ में होने वाली सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में विदर्भ की 17 सदस्यीय टीम की अगुआई करेंगे।

पिछले सत्र में विदर्भ के कप्तान और भारत के टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा टीम का हिस्सा नहीं हैं। जितेश राइजिंग स्टार्स एशिया कप के दौरान भारत ए के कप्तान थे। जितेश शर्मा ने इस साल घरेलू क्रिकेट शुरू होने से पहले ही विदर्भ का साथ छोड़ दिया। वहीं विदर्भ ने हर्ष दुबे को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है। दुबे ने हाल में दोहा में अपना पहला टी20 अर्धशतक लगाकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया और चार मैचों चार विकेट भी लिए।

आईपीएल में दुबे को सनराइजर्स ने किया था शामिल

दुबे ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 अभियान में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया था जिसमें उन्होंने 69 विकेट लिए और विदर्भ की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में उन्हें आर स्मरण की जगह शामिल किया था। इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था।

उमेश यादव को भी मिली टीम में जगह

विदर्भ की टीम पिछले सत्र में मुंबई से हारकर क्वार्टर फाइनल से बाहर हुई थी। टीम में विकेटकीपर शिवम देशमुख भी होंगे जबकि यश ठाकुर को उप कप्तान बनाया गया है। टीम में भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव भी हैं जो एक साल बाद वापसी करेंगे। अब सभी की नजरें उमेश यादव पर होगी कि वो कैसा प्रदर्शन करते हैं।

विदर्भ ग्रुप ए में अपने अभियान की शुरुआत 26 नवंबर को लखनऊ में छत्तीसगढ़ के खिलाफ करेगा। ग्रुप की अन्य टीम मुंबई, ओडिशा, केरल, असम, रेलवे और आंध्र हैं।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए विदर्भ की टीम

हर्ष दुबे (कप्तान), यश ठाकुर (उप कप्तान), अथर्व तायडे, ध्रुव शौरी, अमन मोखाड़े, यश राठौड़, शिवम देशमुख (विकेटकीपर), अक्षय वाडकर, नचिकेत भूटे, दर्शन नलकांडे, यश कदम, वरुण बिष्ट, पार्थ रेखाड़े, उमेश यादव, प्रफुल हिंगे, दीपेश परवानी और अध्ययन डागा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com