हैरी ब्रूक ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा करने वाले...

इंग्लैंड के मध्यक्रम बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वो पहली पारी में 99 और दूसरी पारी में 0 बनाने वाले टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
हैरी ब्रूक ने बनाया अनचाहा रिकॉर्ड, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऐसा करने वाले...
हैरी ब्रूक (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

लीड्स: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में हैरी ब्रूक ने एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम किया। हैरी ब्रूक ने पहली पारी में 99 और दूसरी पारी में बिना कोई रन बनाए आउट होने के बाद एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। ब्रूक टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली पारी में 99 रन बनाने वाले और दूसरी पारी में शून्य पर आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

लीड्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में ब्रूक पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। शार्दुल ठाकुर की गेंद पर ऋषभ पंत को कैच थमा दिया। जिसके बाद उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया। 26 वर्षीय दाएं हाथ के बल्लेबाज ने रविवार (22 जून) को पहली पारी में 112 गेंदों पर 99 रन बनाए। प्रसिद्ध कृष्णा द्वारा आउट किए जाने से पहले उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के लगाए। मार्कस ट्रेस्कोथिक के बाद वे भारत के खिलाफ 99 रन पर आउट होने वाले दूसरे इंग्लिश बल्लेबाज हैं।

टेस्ट मैचों में 99 रन पर आउट होने वाले इंग्लैंड के बल्लेबाज

बल्लेबाज़ (Batsman) विपक्षी टीम (Opponent) स्थान (Venue) वर्ष (Year)
हर्बर्ट सुटक्लिफ दक्षिण अफ्रीका केप टाउन 1927
एडी पेन्टर ऑस्ट्रेलिया लॉर्ड्स 1938
नॉर्मन यार्डली दक्षिण अफ्रीका नॉटिंघम 1947
माइक स्मिथ दक्षिण अफ्रीका लॉर्ड्स 1960
माइक स्मिथ पाकिस्तान लाहौर 1961
टेड डेक्सटर ऑस्ट्रेलिया ब्रिसबेन 1962
डेनिस एमिस पाकिस्तान कराची 1973
जियोफ बॉयकॉट वेस्टइंडीज पोर्ट ऑफ स्पेन 1974
ग्राहम गूच ऑस्ट्रेलिया मेलबर्न 1980
मार्टिन मोक्सन न्यूजीलैंड ऑकलैंड 1988
माइक एथरटन ऑस्ट्रेलिया लॉर्ड्स 1993
माइक एथरटन दक्षिण अफ्रीका लीड्स 1994
मार्कस ट्रेस्कोथिक भारत अहमदाबाद 2001
केविन पीटरसन बांग्लादेश चटगाँव 2010
जॉनी बेयरस्टो दक्षिण अफ्रीका नॉटिंघम 2017
हैरी ब्रूक भारत लीड्स 2025

टेस्ट मैच में 16 मौकों पर कुल 14 इंग्लिश बल्लेबाज 99 रन बनाकर आउट हुए हैं। पांचवें दिन के खेल के दूसरे सत्र में इंग्लैंड को ब्रूक से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वह विफल रहे।

डकेट ने रचा इतिहास

शार्दुल ठाकुर ने बुक को आउट करने से पहले बेन डकेट का अहम विकेट लिया। हालांकि, बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ ने आउट होने से पहले कप्तान बेन स्टोक्स की अगुआई में इंग्लैंड के लिए शानदार पारी खेलते हुए 170 गेंदों में 149 रन बनाए। मंगलवार को खेली गई इस शानदार पारी की बदौलत डकेट ने भारत के खिलाफ टेस्ट मैच की चौथी पारी में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड जो रूट के नाम था, जिन्होंने जुलाई 2022 में बर्मिंघम टेस्ट के दौरान भारत के खिलाफ 142* रनों की नाबाद पारी खेली थी। डकेट की 149 रनों की पारी ने न सिर्फ इंग्लैंड की उम्मीदों को ज़िंदा रखा, बल्कि उन्हें टेस्ट इतिहास में एक खास मुकाम भी दिलाया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com