

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के बेहतरीन ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja Birthday) का आज यानी 6 दिसंबर को जन्मदिन है। उनका जन्म साल 1988 को गुजरात (Gujarat) के जामनगर (Jamnagar) जिले के नवगाम (Navgam) घेड शहर में हुआ था। इस साल जडेजा अपना 34वां जन्मदिन (Birthday) मना रहे है। जडेजा टीम इंडिया के प्रमुख खिलाड़ी में से एक हैं। उनकी क़ाबलियत पर टीम इंडिया को बहुत भरोसा रहता है। कई बार जडेजा ने अकेले अपने दम पर भारत को जीत दिलाई है। आईपीएल में वह चेन्नई सुपर किंग का हिस्सा हैं, जहां उनका प्रदर्शन हमेशा से ही शानदार रहा है।
जडेजा के पिता अनिरुद्ध सिंह जडेजा एक निजी सुरक्षा एजेंसी के चौकीदार थे। इनके पिता चाहते थे कि जडेजा एक सेना अधिकारी बनें, लेकिन उन्हें क्रिकेट में रूचि थी। जडेजा बचपन में अपने पिता से डरते थे। इनकी माता लता जडेजा की 2005 में एक दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इस हादसे का जडेजा को इतना सदमा लगा था कि, उन्होंने क्रिकेट लगभग छोड़ ही दिया था। हालांकि, बाद में उनके कोच की मदद से वे फिर से मैदान में उतरे और अपना जलवा दिखाया।
https://twitter.com/BCCI/status/1599984476855083009
रविंद्र जडेजा ने डोमेस्टिक क्रिकेट में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। विराट कोहली की कप्तानी में साल 2008 में भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप जीता था। लेकिन, यह बात बहुत कम लोग जानते हैं कि, उस टीम का हिस्सा रविंद्र जडेजा भी चुके थे, जिसने 2008 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। जिसके बाद जडेजा को साल 2009 में टीम इंडिया का हिस्सा बनने का मौका मिला। उन्होंने 8 फरवरी 2009 को श्रीलंका के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया और उस मैच में 77 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए।
फिर साल 2012 में उनकी ज़िंदगी का टर्निंग प्वाइंट आया और वह आईपीएल का हिस्सा बनें। जडेजा को चेन्नई सुपर किंग्स ने 2012 के आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी में 2 मिलियन डॉलर में खरीदा था। चेन्नई सुपर किंग्स को दो सीजन के लिए आईपीएल से प्रतिबंधित किए जाने के बाद इन्हें 2016 के आईपीएल प्लेयर्स ऑक्शन में गुजरात लायंस द्वारा 9.5 करोड़ में खरीदा गया। जहां, उन्होंने शानदार खेल दिखाया और टीम इंडिया में वापसी की। रविंद्र जडेजा को इंटरनेशनल क्रिकेट में वापस लाने में एमएस धोनी का बड़ा रोल रहा, इसके बाद तो जडेजा ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक रिकॉर्ड बनाते गए।
22 जनवरी 2017 को जडेजा 150 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले पहले भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर बने, जब इन्होंने ईडन गार्डन, कोलकाता में सैम बिलिंग्स को आउट किया। मार्च 2017 में, यह रविचंद्रन अश्विन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया में शीर्ष क्रम के गेंदबाज बन गए, जिन्होंने लंबे समय तक उस पद को संभाला था।
जडेजा को 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग के उद्घाटन सत्र के लिए राजस्थान रॉयल्स द्वारा चुना गया था, और इनकी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जडेजा ने 14 मैचों में 131.06 के स्ट्राइक रेट से 135 रन बनाए, किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ इनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 36 रहा। इन्होंने 2009 में और भी बेहतर प्रदर्शन किया, 110.90 की स्ट्राइक रेट से 295 रन बनाए और प्रति ओवर 6.5 से कम रन दिए। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वार्न ने जडेजा को “मेकिंग में सुपरस्टार” के रूप में संदर्भित किया। वॉर्न ने इनको उपनाम “रॉकस्टार” दिया।
क्रिकेट के मैदान पर विकेट लेने, शतक या अर्धशतक बनाने के बाद हर खिलाड़ी यूनिक अंदाज में जश्न मनाता है। लेकिन, सर रविंद्र जडेजा तो मैदान पर तलवार बाजी के लिए मशहूर हैं। दरअसल, जडेजा जब भी हाफ सेंचुरी या फिर सेंचुरी जड़ते हैं तो वे खास तलवारबाजी के अंदाज में बल्ला नचाते हैं। इसलिए उन्हें कहा जाता है कि वे मैदान पर तलवारबाजी भी करते हैं।
जडेजा ने 17 अप्रैल 2016 को रीवा सोलंकी से शादी की। उनकी पत्नी भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं, जो इस साल गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी की उम्मीदवार हैं। वहीं, उनके पिता और बहन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता हैं।