

IND vs NZ, Arshdeep Singh vs Daryl Mitchell: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला सिर्फ रनों का नहीं बल्कि जोश और टकराव का भी रहा। मैच के दौरान भारतीय तेज गेंदबाज Arshdeep Singh और न्यूजीलैंड के बल्लेबाज Daryl Mitchell के बीच मैदान पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली। इस घटना के बाद भारतीय टीम के हेड कोच Gautam Gambhir का बयान सामने आया है, जिसने पूरे मामले को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 256 रनों का लक्ष्य मिला था। पारी के 11वें ओवर में डेरिल मिचेल ने अर्शदीप सिंह की शुरुआती दो गेंदों पर लगातार दो छक्के जड़ दिए। इसके बाद अर्शदीप थोड़ा आक्रामक नजर आए। ओवर की पांचवीं गेंद पर मिचेल ने शॉट खेलकर गेंद वापस अर्शदीप की तरफ मारी। इस पर अर्शदीप ने गुस्से में गेंद स्टंप्स की तरफ फेंकी, लेकिन गेंद स्टंप्स पर लगने की बजाय सीधे मिचेल के शरीर पर जा लगी। इसके बाद मिचेल नाराज हो गए और दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हो गई। अंपायरों को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी मिचेल को समझाया। कुछ ही देर बाद अर्शदीप ने मिचेल से माफी मांग ली थी।
इस घटना के बाद कोच गौतम गंभीर ने अर्शदीप का समर्थन किया। गंभीर ने कहा कि जब खिलाड़ी देश के लिए मैदान पर उतरते हैं तो आक्रामकता स्वाभाविक होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी गेंदबाज को दो छक्के खाना पसंद नहीं होता और ऐसे में रिएक्शन आना सामान्य बात है। गंभीर ने साफ कहा कि अगर अर्शदीप माफी नहीं भी मांगते तो उन्हें इससे कोई समस्या नहीं होती, क्योंकि क्रिकेट के मैदान पर कोई दोस्त नहीं होता।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर आईसीसी ने सख्ती दिखाई। खेल भावना के खिलाफ आचरण मानते हुए अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया।
मैच खत्म होने के बाद अर्शदीप सिंह ने इस घटना को हल्के-फुल्के अंदाज में लिया। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि उनका थ्रो रिवर्स स्विंग होकर मिचेल को लग गया था। बाद में दोनों खिलाड़ी इस बात पर हंसते हुए भी नजर आए। अर्शदीप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर उसी पल की एक फोटो भी शेयर की, जिसमें वह अंपायर से बात करते दिख रहे हैं।
अर्शदीप ने फोटो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘की गल हो गई?’। इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कमेंट सेक्शन में लोग हंसने वाले इमोजी शेयर कर रहे हैं और अर्शदीप के बेफिक्र अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई फैंस का कहना है कि अर्शदीप ने मैदान पर गेंद से और सोशल मीडिया पर अपने मजेदार अंदाज से भी कीवी टीम को क्लीन बोल्ड कर दिया।