सौरव गांगुली ने रोहित और विराट पर जताया भरोसा, जब तक फॉर्म में हैं तब तक खेलते रहें वनडे

Sourav Ganguly on Kohli & Rohit's India Career: सौरव गांगुली ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों फॉर्म में हैं तो उन्हें अभी खेलना चाहिए।
virat and rohit
Updated on

Sourav Ganguly on Kohli & Rohit's India Career: भारत के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे करियर को असाधारण बताया है। उन्होंने कहा कि विराट और रोहित वनडे क्रिकेट में जब तक अच्छा कर रहे हैं, तब तक उन्हें इस फॉर्मेट में खेलना चाहिए। दोनों का एकदिवसीय क्रिकेट में रिकॉर्ड असाधारण हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्टों के हवाले से ऐसा कहा जा रहा है कि ऑस्ट्रेलिया का आगामी दौरा इन दोनों खिलाड़ियों का आखिरी वनडे सीरीज हो सकता है। ऐसा बताया जा रहा है कि ये दोनों ऑस्ट्रेलिया के सीरीज के बाद वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले लेंगे। गांगुली से इस बारे में पूछे जाने परं कहा कि उन्हें ऐसे किसी बात की जनकारी नहीं है।

गांगुली ने कहा कि मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसलिए मैं इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकता हूं। गांगुली ने हालांकि इस बात पर जोर दिया कि उनके करियर को आगे बढ़ाने में प्रदर्शन सबसे महत्वपूर्ण कारक होना चाहिए। यह कहना मुश्किल है। जो भी अच्छा करेगा, वही खेलेगा। अगर वे अच्छा करते हैं, तो उन्हें खेलना जारी रखना चाहिए। कोहली का वनडे रिकॉर्ड असाधारण है, रोहित शर्मा के साथ भी ऐसा ही है। वे दोनों सफेद गेंद की क्रिकेट (सीमित ओवरों के मैच) में असाधारण हैं।

19 अक्टूबर से खेलते दिखेंगे रोहित और विराट

टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूण से संन्यास ले चुके इन दोनों खिलाड़ियों ने 2027 के विश्व कप के बारे में अपनी योजनाओं को अभी तक स्पष्ट नहीं किया है। भारत का एकदिवसीय श्रृंखला के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा 19 अक्टूबर से शुरू होगा, जिसके मैच पर्थ, एडिलेड और सिडनी में खेले जाएंगे। इसके बाद दिसंबर में भारत घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगा।

एशिया कप के बारे गांगुली ने क्या कहा?

दुबई में नौ सितंबर से शुरू होने वाले आगामी टी-20 एशिया कप के बारे में पूछे जाने पर गांगुली ने भारतीय टीम को जीत का दावेदार बताया।उन्होंने कहा कि इंग्लैंड में पांच कड़े टेस्ट मैचों के बाद मिला आराम टीम के लिए बहुत ज़रूरी था। गांगुली ने कहा कि खिलाड़ियों को विश्राम करने का जरूरी समय मिल गया है। उन्होंने आईपीएल के बाद पांच टेस्ट खेले और अब वे नौ सितंबर से एशिया कप खेलेंगे।

भारत बहुत मजबूत है। टीम अगर टेस्ट क्रिकेट में मजबूत हैं, तो वनडे और टी20 में और भी ज्यादा मजबूत है। मैं समझता हूं कि भारत जीत का दावेदार होगा और दुबई की पिचों पर उन्हें हराना बहुत मुश्किल होगा।

दूसरी पारी के लिए तैयार हैं गांगुली

गांगुली ने कहा कि वह क्रिकेट प्रशासन में अपनी दूसरी पारी के लिए तैयार हैं और बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर सदस्य चाहेंगे, तो मैं नामांकन दाखिल करूंगा। गांगुली 2015 के मध्य से अक्टूबर 2019 तक सीएबी के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह इसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के भी अध्यक्ष रह चुके हैं। (भाषा इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com