फिन एलन ने KKR के लिए रचा इतिहास, IPL 2026 में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने

KKR vs GT: फिन एलन ने फिल सॉल्ट का रिकॉर्ड तोड़ते हुए KKR के लिए डेब्यू आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का कारनामा कर दिखाया है। एलन ने सिर्फ 9 मैचों में 27 छक्के जड़ दिए हैं।
Finn Allen Record
फिन एलन (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Finn Allen Record in IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स के विस्फोटक ओपनर फिन एलन ने शनिवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ ईडन गार्डन्स में तूफानी बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींच लिया। न्यूजीलैंड के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी में 4 चौके और 10 लंबे छक्के शामिल रहे। शुरुआत से ही एलन ने आक्रामक अंदाज अपनाया और गुजरात के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

डेब्यू सीजन में बनाया बड़ा रिकॉर्ड

फिन एलन ने इस पारी के साथ आईपीएल 2026 में अपने छक्कों की संख्या 27 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड फिल सॉल्ट के नाम था, जिन्होंने 2024 सीजन में 24 छक्के लगाए थे। एलन ने शानदार अंदाज में उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

जयसूर्या का रिकॉर्ड भी निशाने पर

फिन एलन के पास अब आईपीएल इतिहास का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका है। मुंबई इंडियंस के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने 2008 में अपने डेब्यू आईपीएल सीजन में 31 छक्के लगाए थे, जो अब तक रिकॉर्ड है। एलन के पास अभी दो मुकाबले बाकी हैं और वह सिर्फ 5 छक्के दूर हैं। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि वह यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।

केकेआर ने खड़ा किया 247 रनों का विशाल स्कोर

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 60वें मुकाबले में जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर केकेआर को पहले बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया। केकेआर के बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में गुजरात टाइटंस के सामने 2 विकेट के नुकसान पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया है। केकेआर के लिए फिन एलन के बाद कैमरून ग्रीन और अंगकृष रघुवंशी के विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया।

फिन एलन के बाद ईडन्स गार्डन्स के मैदान पर अंगकृष रंघुवंशी और कैमरून ग्रीन के नाम का तूफान आया। फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे के आउट होने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 52 गेंदों में 108 रन की शानदार साझेदारी हुई। एक तरफ विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंदों में 82 रन तो कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में 52 रन की नाबाद पारी खेली। गुजरात टाइटंस के लिए साई किशोर और तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को 1-1 विकेट मिला।

Navbharat Live
navbharatlive.com